अनूप सिंह
मझिआंव(गढ़वा):- थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खरसोता में सोमवार सुबह डायन-बिसाही के आरोप को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। घटना में एक ही पक्ष के सात लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मझिआंव लाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। गंभीर रूप से घायल गीता देवी (30) की स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए गढ़वा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। घायलों में राजेश्वर राम (75), सोना देवी (70), गीता देवी (30), सुमित्रा देवी (35), कौशल कुमार (17), बादल कुमार (15) और अंजली कुमारी (15) शामिल हैं। घटना के बाद मामले को लेकर गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है।

इधर, घायल गीता देवी ने थाना में लिखित आवेदन देकर 12 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। आवेदन में सुनेश्वर राम, कामेश्वर राम, अरविंद राम, धर्मेंद्र राम, राजेंद्र राम, संध्या देवी, संगीता देवी, रानी कुमारी, आशा देवी, उषा देवी, राजेंद्र राम और नीतीश कुमार के नाम शामिल हैं।
आवेदन में गीता देवी ने आरोप लगाया है कि डायन-बिसाही के आरोप को लेकर पिछले दो वर्षों से उनके परिवार के साथ मारपीट की जा रही है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष भी इसी विवाद को लेकर मारपीट हुई थी, लेकिन पंचायती के बाद मामला शांत हो गया था।

गीता देवी के अनुसार, सोमवार सुबह आरोपित लोग घर में घुस आए और उनके वृद्ध सास-ससुर समेत परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की। उनका पुत्र कौशल कुमार घटना का वीडियो बना रहा था। आरोप है कि नीतीश कुमार ने उसका मोबाइल छीनकर जमीन पर पटक दिया, जिससे मोबाइल क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं, सुमित्रा देवी के गले से सोने का जितिया छीनने का भी आरोप लगाया गया है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई करेगी।



