अनूप सिंह
बरडीहा(गढ़वा):- थाना क्षेत्र के खरडीहा गांव में रविवार की रात बिजली करंट की चपेट में आने से करीब 60 वर्षीय किसान नरेश यादव की मौत हो गई। मृतक स्वर्गीय गोखुल यादव के पुत्र थे। घटना के बाद परिजनों में मातम पसर गया।ग्रामीणों के अनुसार नरेश यादव रविवार रात करीब सात बजे मवेशियों को बांधने के बाद घर से कुछ ही दूरी पर स्थित धान के खेत में सिंचाई करने के लिए मोटर चलाने गए थे। इसी दौरान मोटर में करंट प्रवाहित होने से वह उसकी चपेट में आ गए। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों को चिंता हुई। करीब डेढ़ से दो घंटे बाद जब लोग खेत में पहुंचे तो नरेश यादव को गंभीर अवस्था में पड़ा पाया।

परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मझिआंव लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सक डॉ. वीर प्रताप सिंह ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। चिकित्सक ने बताया कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी।

घटना के बाद परिजनों ने पोस्टमार्टम नहीं कराने को लेकर अस्पताल प्रबंधन को लिखित आवेदन दिया और शव लेकर घर चले गए। सोमवार सुबह स्थानीय श्मशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। इधर, बरडीहा थाना प्रभारी राहुल कुमार सिंह ने बताया कि घटना के संबंध में थाने में अब तक कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है।



