अनूप सिंह
कांडी(गढ़वा):-थाना क्षेत्र अंतर्गत जमा दो उच्च विद्यालय गरदहा में कांडी थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह की ओर से बुधवार को जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों का पालन करने सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई। इस दौरान बच्चों को साइबर क्राइम से बचने के उपाय, आपात स्थिति में डायल 112 का उपयोग करने तथा गलत संगति से दूर रहने के संबंध में समझाया गया।थाना प्रभारी ने बच्चों को बताया कि सड़क पर वाहन चलाते अथवा सड़क पार करते समय यातायात नियमों का पालन करना बेहद जरूरी है। साथ ही मोबाइल फोन, ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक और साइबर अपराध से बचने के लिए किसी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी निजी जानकारी, ओटीपी अथवा बैंक संबंधी जानकारी साझा नहीं करने की सलाह दी गई।

वहीं विद्यालय परिसर में आए दिन हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर विद्यालय प्रबंधन समिति द्वारा पुलिस से रात्रि गश्ती बढ़ाने की मांग की गई। इस पर कांडी थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह की ओर से विद्यालय कमिटी को आश्वासन दिया गया कि रात्रि गश्ती पार्टी द्वारा विद्यालय क्षेत्र में नियमित पेट्रोलिंग की जाएगी, ताकि चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

मालूम हो कि उक्त विद्यालय में पिछले दिनों अज्ञात चोरों द्वारा 2 सेट डेस्कटॉप कम्प्यूटर,12 वॉल्ट का चार बैट्री की चोरी किया गया है। हाई स्कूल गरदाहा में हर वर्ष चोरी की घटना होती है।स्कूल में चोरी होना आम बात हो गयी है। कार्यक्रम के दौरान पुलिस ने बच्चों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल अभिभावक, शिक्षक अथवा पुलिस को देने की अपील की।



