नवरात्र से पहले एक्शन में बरडीहा बीडीओ, चार घंटे पैदल घूमकर लिया क्षेत्र का जायजा

 

सड़कों पर बहता गंदा पानी हटाने का अल्टीमेटम,विसर्जन मार्ग की बाधाएं दूर करने का निर्देश

अनूप सिंह 

गढ़वा:- शारदीय नवरात्र पर्व को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए बरडीहा प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी प्रवीण कुमार सिंह ने शनिवार की सुबह कोल्हुआ क्षेत्र के विभिन्न टोलों में करीब चार घंटे तक पैदल भ्रमण कर जमीनी स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सड़कों, नालियों, साफ-सफाई और प्रतिमा विसर्जन मार्ग की समस्याओं का निरीक्षण किया।

भ्रमण के दौरान कई घरों का गंदा पानी सीधे सड़कों पर बहता पाया गया। इस पर बीडीओ ने कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित लोगों को सख्त हिदायत दी और तत्काल समस्या का समाधान करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान स्वच्छता और आवागमन में बाधा बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

शांति समिति की बैठक में कोल्हुआ दुर्गा पूजा समिति की ओर से प्रतिमा विसर्जन मार्ग में आने वाली समस्याओं को उठाया गया था। इस पर बीडीओ ने ग्रामीणों के साथ पूरे मार्ग का निरीक्षण किया और बाधाओं को दूर करने के लिए पूजा समिति एवं ग्रामीणों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। रास्ते पर फैले गोबर और गाड़े गए खूंटों जैसी बाधाओं को भी तत्काल हटवाया गया।

वहीं भ्रमण के दौरान बीडीओ ने बच्चों, बुजुर्गों और ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। खराब सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त कराने का आश्वासन दिया। प्रजापति टोला में रास्ता बंद किए जाने के विवाद पर उन्होंने अलग बैठक आयोजित कर स्थायी समाधान निकालने की बात कही।

बीडीओ की इस जमीनी पहल से स्थानीय लोगों में उम्मीद जगी है कि नवरात्र से पहले क्षेत्र की समस्याओं का समाधान होगा और श्रद्धालुओं को आवागमन में राहत मिलेगी।

Leave a Comment