शिक्षकों से ही होता है संपूर्ण समाज का निर्माण, मासिक ‘गुरु गोष्ठी’ में शामिल हुए बीडीओ प्रवीण 

अनूप सिंह 

मझिआंव (गढ़वा):- बरडीहा प्रखंड संकुल संसाधन केंद्र में शनिवार को मासिक गुरु गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस विशेष गोष्ठी में प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रवीण कुमार सिंह ने शिरकत की।

कार्यक्रम की शुरुआत में प्रखंड विकास पदाधिकारी ने उपस्थित शिक्षकों से संवाद स्थापित करते हुए गुरु गोष्ठी के मूल उद्देश्यों पर चर्चा की। शिक्षकों के विचार जानने के उपरांत उन्होंने गुरु गोष्ठी के असली महत्व को रेखांकित किया।

BDO प्रवीण कुमार सिंह ने कहा, “मेरी समझ से गुरु गोष्ठी का मुख्य उद्देश्य शिक्षा के प्रचार-प्रसार पर विचार-विमर्श करना, शैक्षणिक समस्याओं की पहचान करना और उनका व्यावहारिक समाधान खोजना है। यह गोष्ठी केवल कागजी रिपोर्टिंग तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसमें शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, विद्यालयों में बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति और उनके सर्वांगीण विकास पर सार्थक परिचर्चा होनी चाहिए।” उन्होंने आगे कहा कि हमारा लक्ष्य ऐसे संस्कारवान बच्चों का निर्माण करना है जो समाज के हित में सोचें और चिंतन करें, ताकि एक सुदृढ़ समाज और सशक्त राष्ट्र का निर्माण हो सके।

शिक्षक समाज के अतुलनीय योगदान पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षकों की गरिमा की तुलना किसी अन्य विभाग के अधिकारियों से नहीं की जा सकती। अन्य विभागों के अधिकारी किसी विशेष क्षेत्र या कार्य तक सीमित रहते हैं, जबकि एक शिक्षक पूरे संपूर्ण समाज का निर्माण करता है।

प्रखंड विकास पदाधिकारी के ओजस्वी विचारों और प्रेरणादायक संबोधन से गोष्ठी में मौजूद सभी शिक्षक अत्यंत गौरवान्वित और प्रेरित महसूस कर रहे थे।

शिक्षकों ने उनकी उपस्थिति की सराहना करते हुए उनसे आग्रह किया कि वे प्रत्येक मासिक गुरु गोष्ठी में कम से कम आधा घंटा समय अवश्य निकालें, ताकि उनके मार्गदर्शन से शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके।

Leave a Comment