चारों ओर की सड़कों पर ब्रेकर निर्माण और सड़क किनारे पेड़ों की कटाई कराने की उठाई मांग
अनूप सिंह
कांडी (गढ़वा):- प्रखंड अंतर्गत महुली चारमुहान मोड़ पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए जिला परिषद सदस्य सुषमा कुमारी ने मंगलवार, 27 अक्टूबर 2026 को प्रखंड विकास पदाधिकारी को आवेदन सौंपकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
आवेदन में उन्होंने कहा है कि महुली चारमुहान मोड़ पर आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं, जिससे आम जनता एवं राहगीरों की जान-माल को खतरा बना रहता है। इस चौराहे से प्रतिदिन बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। सड़क के किनारे लगे पेड़ों के कारण वाहन चालकों को सामने से आने वाले वाहनों को देखने में परेशानी होती है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

जिला परिषद सदस्य ने जनहित और सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महुली चारमुहान मोड़ से चारों ओर जाने वाली सड़कों पर नियमानुसार ब्रेकर निर्माण कराने की मांग की है। साथ ही, सड़क किनारे लगे उन पेड़ों की कटाई की व्यवस्था करने का आग्रह किया है, जिनसे आवागमन में बाधा उत्पन्न होती है और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ता है। उन्होंने आवश्यकतानुसार चेतावनी बोर्ड सहित अन्य सुरक्षा उपाय लागू करने की भी मांग की है।
उन्होंने आवेदन के माध्यम से प्रशासन से इस गंभीर जनसमस्या पर शीघ्र संज्ञान लेकर उचित कदम उठाने की अपील की है। उनका कहना है कि समय रहते आवश्यक व्यवस्था किए जाने से भविष्य में होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और आम लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

