महूदी में रामनवमी जुलूस निकालने की मांग को लेकर उपायुक्त को दिया आवेदन

रिपोर्ट: विष्णु गुप्ता

 

बड़कागांव: महूदी गांव में रामनवमी शोभा यात्रा (जुलूस) निकालने की मांग को लेकर हिंदू महासंगठन कर्णपुरा क्षेत्र के बैनर तले लोगों ने हजारीबाग के उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह को आवेदन सौंपा।

आवेदन देने वालों में पूर्व विधायक लोकनाथ महतो सहित कई लोग शामिल थे। संगठन के सदस्यों ने कहा कि ग्राम महूदी में कई वर्षों से राम जन्मोत्सव की शोभा यात्रा को लेकर विवाद की स्थिति बनी हुई है। उनका आरोप है कि मुस्लिम समुदाय के विरोध के कारण रामनवमी जुलूस को गांव से निकालने में बाधा आती रही है।

आवेदन में बताया गया कि वर्ष 2017 में हिंदू-मुस्लिम एकता को लेकर बैठक हुई थी, जिसमें उस वर्ष तिरंगा यात्रा निकालने और 2018 से रामनवमी शोभा यात्रा निकालने पर सहमति बनी थी, लेकिन यह आश्वासन ही रह गया।

संगठन के अनुसार वर्ष 2024 में रामनवमी जुलूस महूदी गांव से होकर गुजरा था, लेकिन वापसी के समय प्रशासन ने बैरियर लगाकर जुलूस को रोक दिया, जिससे लोगों में नाराजगी है। उन्होंने कहा कि हर साल प्रशासन दोनों समुदायों के बीच बैठक कर समाधान का आश्वासन देता है, लेकिन अब तक कोई स्थायी पहल नहीं हुई है।

आवेदन में प्रशासन से मांग की गई है कि इस वर्ष रामनवमी शोभा यात्रा को महूदी गांव से शांतिपूर्वक निकालने के लिए सकारात्मक कदम उठाए जाएं।

आवेदन सौंपने के दौरान पूर्व विधायक लोकनाथ महतो, टुकेश्वर प्रसाद, दामोदर प्रसाद मेहता, खेमलाल महतो, रामचरित्र प्रसाद, सीताराम सहित अन्य लोग मौजूद थे।

Leave a Comment