अनुप सिंह

मझिआंव:-थाना क्षेत्र के मझिआंव – बरडीहा रोड चंद्री टोला सोलहबिगहवा के समीप स्थित द कॉर्नर स्टोन पब्लिक स्कूल की एक छात्रा मोटरसाइकिल की चपेट में आने से घायल हो गई।साथ ही मोटर साइकिल पर सवार दो अन्य महिला भी गिरकर घायल हो गई। घायल छात्रा की पहचान रामपुर गांव निवासी उदय कुमार चंद्रवंशी की 6 वर्षीय पुत्री कुमारी आर्या के रूप में हुई।सभी घायलों का स्थानीय रेफरल अस्पताल में इलाज किया गया। घटना के संबंध में पांडू थाना क्षेत्र के भटवलिया गांव निवासी मोटरसाइकिल चालक भैया राम ने बताया कि नगर पंचायत क्षेत्र के चाकापर टोला अपने ननिहाल से अपने मामी प्रतिमा देवी एवं पुष्पा देवी को मोटरसाइकिल से लेकर मझिआंव शादी समारोह के लिए खरीदारी करने जा रहे थे। इसी बीच द कॉर्नर स्टोन पब्लिक स्कूल की एक छात्रा दौड़कर सड़क पार कर रही थी। और मोटरसाइकिल के चपेट में आकर घायल हो गई।साथ ही मोटरसाइकिल पर सवार मेरी दोनों मामी लोग भी गिरकर घायल हो गए। प्रत्यक्ष दर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई, जिससे उस पर सवार दो महिलाएं भी घायल हो गईं।

घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को तुरंत नजदीकी रेफरल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों द्वारा उनका प्राथमिक उपचार किया गया। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।हालांकि उन्हें कुछ समय तक निगरानी में रखा गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मोटरसाइकिल की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। घटना ने एक बार फिर क्षेत्र में यातायात नियमों की अनदेखी और तेज गति से वाहन चलाने की समस्या को उजागर कर दिया है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग पर गति नियंत्रण के लिए ठोस उपाय किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके और स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

