पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को बाधित करने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई : कार्यपालक अभियंता

 

अनुप सिंह

गढ़वा। रंका प्रखंड मुख्यालय में पेयजल संकट को लेकर ग्रामीणों द्वारा किए गए चक्का जाम के उपरांत पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, गढ़वा के कार्यपालक अभियंता अजय कुमार सिंह के निर्देश पर दिनांक 07 एवं 08 मई 2026 को पुलिस बल के साथ संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया गया।

छापेमारी के दौरान रंका पंचायत के दर्जी मोहल्ला निवासी भोला प्रसाद, अजित कुमार, संतोष कुमार, रविंद्र कुमार एवं आलोक कुमार तथा मेन रोड रंका निवासी अजित चौरसिया, चन्दन कुमार एवं धर्मेंद्र चन्द्रवंशी को सरकारी पाइपलाइन में मोटर लगाकर अपने-अपने घरों में पानी का उपयोग करते हुए पाया गया।

कार्यपालक अभियंता ने बताया कि पाइपलाइन में मोटर लगाकर पानी खींचने से आम उपभोक्ताओं तक जलापूर्ति प्रभावित होती है, जिससे कई क्षेत्रों में पेयजल संकट उत्पन्न हो जाता है। सभी संबंधित लोगों को कड़ी चेतावनी देते हुए फिलहाल छोड़ दिया गया है तथा स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि भविष्य में यदि कोई भी व्यक्ति मोटर का प्रयोग करते हुए पकड़ा जाता है, तो उसकी मोटर जब्त करते हुए संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध प्राथमिकी (FIR) दर्ज की जाएगी।

उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे सरकारी पेयजल व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में सहयोग करें तथा किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि से बचें, ताकि सभी लोगों को समान रूप से पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।

☎️📞✉️

*पुलिस हेल्पलाइन नंबर : 112*

*झार जल टोल फ्री नंबर : 1800-3456-502*

*झार जल व्हाट्सऐप नंबर : 9470176901*

Leave a Comment