गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य परीक्षण एवं सुरक्षित मातृत्व को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एनसी जांच प्रोफाइल शिविर का किया गया आयोजन

 

अनुप सिंह

मझिआंव:- रेफरल अस्पताल मझिआंव में गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य परीक्षण एवं सुरक्षित मातृत्व को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एनसी प्रोफाइल जांच शिविर का आयोजन किया गया।इस दौरान बड़ी संख्या में गर्भवती महिलाएं अस्पताल पहुंचीं और स्वास्थ्य जांच कराकर आवश्यक चिकित्सीय परामर्श प्राप्त किया। अस्पताल प्रबंधन की ओर से सभी लाभुकों के लिए बेहतर व्यवस्था की गई थी, जिससे महिलाओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। इस दौरान बीपीएम एसएन मंडल ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रत्येक माह की 9 तारीख को इस विशेष कैंप का आयोजन किया जाता है। शिविर में गर्भवती महिलाओं का हीमोग्लोबिन, ब्लड प्रेशर (बीपी) सहित आवश्यकतानुसार मलेरिया की भी जांच की जाती है। जांच के माध्यम से महिलाओं के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी की जाती है, ताकि गर्भावस्था के दौरान किसी भी प्रकार की जटिलता को समय रहते पहचाना जा सके और उचित उपचार उपलब्ध कराया जा सके।

उन्होंने बताया कि गर्भवती महिलाओं में खून की कमी और कमजोरी की समस्या को देखते हुए अस्पताल की ओर से निःशुल्क आयरन एवं कैल्सियम की दवाएं भी वितरित की जाती हैं। चिकित्सकों ने महिलाओं को पौष्टिक आहार लेने, समय-समय पर जांच कराने तथा स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों का पालन करने की सलाह दी।

कैंप में आने वाली सभी गर्भवती लाभुकों के लिए नाश्ते की भी व्यवस्था की गई थी। अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि इस प्रकार के नियमित शिविर से मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने में मदद मिल रही है तथा ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं।

Leave a Comment