अनुप सिंह

मझिआंव:- प्रखंड क्षेत्र के कामत गांव स्थित मदरसा परिसर में मंगलवार को 34वें सालाना उर्स मंजूरे मिल्लत एवं जश्न-ए-दस्तारबंदी के पावन अवसर पर भव्य धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन मदरसा हेड मौलवी कारी सफीर अहमद सिद्दीकी के नेतृत्व में मजरूल हक मिल्लत के मजार पर किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों सहित विभिन्न राज्यों से आए उलेमा,मौलवी एवं अकीदतमंदों ने भाग लिया। पूरे मदरसा परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था और धार्मिक माहौल में लोगों ने अमन-चैन एवं भाईचारे की दुआ मांगी।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पूर्व मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने मजार पर चादरपोशी कर क्षेत्र एवं देश में शांति, सौहार्द और खुशहाली की दुआ मांगी। इस दौरान गठित कमेटी एवं मदरसा प्रबंधन की ओर से मौलवी मोदरीस कारी सफीर अहमद सिद्दीकी,अहमद ग्रुप के प्रोपराइटर सह युवा समाजसेवी याकूब अहमद,इशहाक अहमद,सदर अरसुद्दीन खान, सेक्रेटरी ईबरार खान तथा शेख माबुद शाहिद सहित अन्य लोगों ने पूर्व मंत्री को पगड़ी,फूलमाला एवं बुके देकर भव्य स्वागत किया।
अपने संबोधन में पूर्व मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में भाईचारा,एकता और प्रेम का संदेश देते हैं। उन्होंने कहा कि सभी धर्मों का मूल उद्देश्य मानवता की सेवा और समाज में शांति स्थापित करना है। उन्होंने आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम सामाजिक समरसता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़, बिहार एवं उत्तर प्रदेश से पहुंचे कई प्रसिद्ध मौलवियों एवं उलेमाओं ने तकरीर पेश की। उन्होंने इस्लाम की शिक्षाओं, इंसानियत, भाईचारे और समाज में नैतिक मूल्यों के महत्व पर प्रकाश डाला। तकरीरों को सुनने के लिए बड़ी संख्या में लोग देर रात तक कार्यक्रम स्थल पर मौजूद रहे।
कार्यक्रम में आए अकीदतमंदों एवं मेहमानों के लिए लंगरखानी की विशेष व्यवस्था की गई थी। अहमद ग्रुप के प्रोपराइटर सह युवा समाजसेवी याकूब अहमद एवं इशहाक अहमद की ओर से श्रद्धालुओं के बीच भोजन वितरण कराया गया। लोगों ने इस व्यवस्था की सराहना करते हुए आयोजकों को धन्यवाद दिया।

शांति एवं विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। दंडाधिकारी के रूप में प्रखंड खाद्य आपूर्ति पदाधिकारी अजीत कुमार यादव पुलिस बल के साथ कार्यक्रम स्थल पर मौजूद रहे और पूरे आयोजन पर नजर बनाए रखी।
मौके पर जिला से आए जवाहर पासवान,नन्हे खान, जिया उल हक खान सहित काफी संख्या में गणमान्य लोग एवं ग्रामीण उपस्थित थे। धार्मिक माहौल और आपसी भाईचारे के बीच संपन्न हुए इस आयोजन ने क्षेत्र में सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया।



