अनुप सिंह
कांडी: प्रखंड अंतर्गत प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण में अनियमितता का बड़ा मामला सामने आया है। शिकायत और जांच के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए सरकोनी पंचायत के दो पंचायत सहायकों को तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त कर दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार योजना में गड़बड़ी को लेकर भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश मंत्री राजीव रंजन मिश्रा द्वारा लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी।
इस आलोक जिला ग्रामीण विकास शाखा और उप विकास आयुक्त स्तर से मामले की जांच कराई गई जांच में आरोप सही पाए जाने पर कार्रवाई की गई।

जारी आदेश के अनुसार कांडी प्रखंड के सरकोनी पंचायत के पंचायत सहायक सिताबी यादव और सविता देवी को प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़े सभी कार्यों से मुक्त कर दिया गया है। साथ ही भविष्य में आवास योजना से संबंधित किसी भी कार्य में उनकी भागीदारी पर रोक लगा दी गई है।

इधर प्रखंड विकास पदाधिकारी राकेश सहाय द्वारा की गई कार्रवाई के बाद अन्य कर्मियों और बिचौलियों में हड़कंप मच गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की सख्त कार्रवाई से सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता बढ़ेगी और वास्तविक लाभुकों को उनका हक व अधिकार मिल सकेगा।

