नगर पंचायत अध्यक्ष ने नगर पंचायत क्षेत्र में महत्वपूर्ण योजनाओं के क्रियान्वयन के संबंध में सांसद से पत्र के माध्यम से किया अनुरोध 

अनुप सिंह

मझिआंव  :-  जिला समाहरणालय के सभागार में सांसद बीडी राम की अध्यक्षता में आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक के दौरान नगर पंचायत मंझिआंव की अध्यक्ष सुमित्रा देवी ने नगर पंचायत मंझिआंव के सर्वांगीण विकास, आधारभूत संरचना सुदृढ़ीकरण एवं पर्यटन संवर्धन हेतु विभिन्न महत्वपूर्ण योजनाओं के कार्यान्वयन के संबंध में माननीय सांसद महोदय को अनुरोध पत्र सौंपा।

सौंपे गए अनुरोध पत्र में खजुरी डैम में पर्यटन को बढ़ावा देने एवं स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर सृजित करने के उद्देश्य से नौकायान (बोटिंग) सेवा प्रारंभ कराने का अनुरोध किया है।साथ ही खजुरी डैम के निकट वन विभाग की खाली भूमि पर बायोडायवर्सिटी पार्क का निर्माण कर क्षेत्र को पर्यटन एवं पर्यावरण संरक्षण के दृष्टिकोण से विकसित कराने,वार्ड संख्या-12 खजुरी से मंझिआंव मुख्य बाजार होते हुए वार्ड संख्या-04 पृथ्वीचक तक पीडब्ल्यूडी मुख्य पथ के किनारे आवश्यकतानुसार नाली एवं पथवे का निर्माण कराने का अनुरोध किया है,जिससे जल निकासी की समस्या का समाधान हो तथा आमजन को आवागमन में सुविधा प्राप्त हो सके।

साथ ही बाजार समिति की खाली भूमि पर दुकान एवं आधुनिक मार्केट कॉम्प्लेक्स का निर्माण कर व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा स्थानीय युवाओं के लिए स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृत एवं कार्यान्वित कराने की मांग की।

इस दौरान सुमित्रा देवी ने आशा व्यक्त की कि माननीय सांसद महोदय द्वारा उक्त जनहितकारी योजनाओं को प्राथमिकता देते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई हेतु निर्देशित किया जाएगा, जिससे नगर पंचायत मंझिआंव के विकास को नई गति मिलेगी।

Leave a Comment