अनुप सिंह
पलामू जिला के मोहम्मदगंज थाना क्षेत्र के बरवाडीह गांव निवासी एवं भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (आईटीबीपी) के जवान संजय पासवान (45 वर्ष) का इलाज के दौरान निधन हो गया। वे पिछले लगभग दो वर्षों से गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। उनके निधन की खबर से परिवार सहित पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतक का पार्थिव शरीर गांव पहुंचते ही परिजनों के बीच कोहराम मच गया। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण, शुभचिंतक एवं आसपास के गांवों के लोग जुटे। शोकाकुल माहौल में गांव स्थित श्मशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान उनके सात वर्षीय पुत्र ने पिता को मुखाग्नि दी। यह दृश्य देखकर उपस्थित लोगों की आंखें नम हो गईं और वातावरण अत्यंत भावुक हो गया।
संजय पासवान अपने पीछे तीन पुत्रियों एवं एक पुत्र सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। आईटीबीपी की 40वीं बटालियन के इंस्पेक्टर प्रकाश केरकेट्टा के नेतृत्व में पहुंचे जवानों ने पार्थिव शरीर पर तिरंगा ओढ़ाकर उन्हें सम्मानपूर्वक अंतिम विदाई दी तथा सलामी अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर बरवाडीह पंचायत के मुखिया सुदर्शन राम सहित कई जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने दिवंगत जवान को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उपस्थित लोगों ने कहा कि संजय पासवान ने देश सेवा में महत्वपूर्ण योगदान दिया और उनकी सेवाओं को हमेशा याद रखा जाएगा।



