उमेश कुमार
रमना : प्रखंड मुख्यालय स्थित 10+2 उच्च विद्यालय का खेल मैदान इन दिनों झूलन मेला और मीना बाजार को लेकर चर्चा के केंद्र में है। मैदान में मेले के आयोजन से छात्रों के खेलकूद और अभ्यास प्रभावित होने व कस्तुरबा गांधी आवासीय विद्यालय के समीप रात्री में आयोजन करने की शिकायत सामने आने के बाद मामला तूल पकड़ने लगा है। छात्र-छात्राओं ने खेल गतिविधियों के लिए मैदान उपलब्ध कराने की मांग उठाई, जिसके बाद जिला परिषद अध्यक्ष शांति देवी ने मामले का संज्ञान लिया। उन्होंने काही की सरकारी जगह निजी कार्यों के लिए नहीं दिया जा सकता है। इस पर हाई स्कूल प्रिंसिपल अजय सेठ सें जल्द से जल्द ग्राउंड खाली कराने को बोली।

जिप अध्यक्ष ने विद्यालय के खेल मैदान पहुंचकर छात्रों, मेला आयोजक और विद्यालय प्रबंधन से जानकारी ली तथा प्राचार्य को पूरे मामले में नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
दूसरी ओर कई लोगों ने विद्यालय के खेल मैदान के व्यावसायिक उपयोग तथा परिसर के आसपास पाई जा रही आपत्तिजनक सामग्रियों को लेकर भी सवाल उठाए हैं।

उधर, मेले का उद्घाटन प्रमुख करुणा सोनी, मुखिया दुलारी देवी सहित अन्य लोगों द्वारा किए जाने तथा जिप अध्यक्ष के हस्तक्षेप के बाद इंटरनेट मीडिया पर भी बहस तेज हो गई है। समर्थक इसे सांस्कृतिक आयोजन बता रहे हैं। जबकि विरोध करने वाले खेल मैदान की उपयोगिता और नियमों के पालन का मुद्दा उठा रहे हैं। इससे क्षेत्र में शिक्षा, खेल और सार्वजनिक उपयोग के बीच संतुलन को लेकर नई चर्चा शुरू हो गई है।



