अनुप सिंह
कांडी: प्रखंड के सरकोनी गांव के अमस्था टोला तथा कर्मा गांव के सैकड़ों विद्युत उपभोक्ताओं ने मंगलवार को लगातार बाधित बिजली आपूर्ति के खिलाफ कांडी बिजली ग्रिड पहुंचकर विभागीय कर्मचारियों का घेराव किया। ग्रामीणों का नेतृत्व युवा समाजसेवी रजनीश रंजन दुबे और विकास दुबे कर रहे थे।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि दोनों गांवों में पिछले लगभग 20 दिनों से बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप है। इस संबंध में कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को लिखित एवं मौखिक रूप से सूचना देकर समस्या के समाधान की मांग की गई, लेकिन विभाग की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की गई। इससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।

ग्रामीणों के अनुसार गांव में लगे ट्रांसफार्मर की खराबी और एलटी (लो टेंशन) तार क्षतिग्रस्त होने के कारण बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित है। बिजली नहीं रहने से लोगों को पेयजल, बच्चों की पढ़ाई, मोबाइल चार्जिंग और अन्य दैनिक कार्यों में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
घेराव के दौरान युवा समाजसेवी विकास दुबे ने बिजली विभाग के जिला स्तरीय वरीय अधिकारियों एवं पदाधिकारियों से दूरभाष पर बातचीत कर पूरे मामले की जानकारी दी और जल्द से जल्द समस्या के समाधान की मांग की। इसके बाद विभाग के कनीय अभियंता कमल कुमार ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि खराब एलटी तार को बदलने का कार्य शुरू कर दिया गया है तथा एक दिन के भीतर नया ट्रांसफार्मर भी स्थापित कर दिया जाएगा।
कनीय अभियंता के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने भरोसा जताया और शांतिपूर्वक अपने-अपने घर लौट गए। हालांकि ग्रामीणों ने स्पष्ट कर दिया कि यदि निर्धारित समय के भीतर बिजली आपूर्ति बहाल नहीं होती है तो वे बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
इस अवसर पर युवा नेता विकास दुबे ने कहा कि दोनों गांवों के लोग पिछले कई दिनों से अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। यदि दो दिनों के अंदर बिजली आपूर्ति सामान्य नहीं हुई तो ग्रामीणों के साथ मिलकर चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी बिजली विभाग की होगी।

मौके पर प्रखंड प्रमुख सत्येंद्र पांडे, पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि अनुप राम, कांडी मुखिया विजय राम, नरेश प्रजापति, बाबू तिवारी, हरिहर मेहता, महेंद्र मेहता, सतेंद्र प्रजापति, वीरेंद्र प्रजापति, राजेश्वर मेहता, लालू सिंह, देवेंद्र प्रजापति सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
ग्रामीणों को अब विभाग द्वारा दिए गए आश्वासन पर भरोसा है और वे उम्मीद कर रहे हैं कि जल्द ही नया ट्रांसफार्मर लगने तथा एलटी तार बदलने के बाद अमस्था टोला और कर्मा गांव में बिजली आपूर्ति सामान्य हो जाएगी। वहीं विभाग के लिए भी यह चुनौती बनी हुई है कि वह तय समय सीमा के भीतर समस्या का समाधान कर ग्रामीणों का विश्वास कायम रखे।



