अनुप सिंह
बरडीहा: प्रखंड में नव पदस्थापित प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी प्रवीण कुमार सिंह ने बुधवार को विधिवत रूप से अपना पदभार ग्रहण किया। इसके पूर्व प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी के पद पर कार्यरत राजेश कुमार ने उन्हें प्रभार सौंपा। पदभार ग्रहण के दौरान प्रखंड एवं अंचल कार्यालय के कर्मी मौजूद रहे और नए पदाधिकारी का स्वागत किया।

पदभार संभालने के बाद बीडीओ सह सीओ प्रवीण कुमार सिंह ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ सभी योग्य लाभुकों तक पहुंचाना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने प्रखंड क्षेत्र के विकास कार्यों को गति देने, राजस्व संबंधी मामलों का त्वरित निष्पादन करने तथा आम लोगों की समस्याओं का समाधान करने की बात कही। उन्होंने कार्यालय के सभी कर्मियों से आपसी समन्वय बनाकर पूरी निष्ठा और पारदर्शिता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

वहीं निवर्तमान बीडीओ सह सीओ राजेश कुमार ने अपने कार्यकाल के दौरान मिले सहयोग के लिए जनप्रतिनिधियों, कर्मियों एवं आम लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से प्रखंड क्षेत्र में विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का प्रयास किया गया।

इस अवसर पर प्रखंड एवं अंचल कार्यालय के अधिकारी, कर्मचारी सहित अन्य लोग उपस्थित थे।



