अनुप सिंह
बरडीहा कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में कई छात्राओं के बीमार पड़ने की घटना को गंभीरता से लेते हुए बरडीहा के प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी प्रवीण कुमार सिंह ने अपने क्षेत्राधिकार अंतर्गत कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि विद्यालय में छात्राओं के स्वास्थ्य, भोजन, पेयजल, स्वच्छता, सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त रहे तथा भविष्य में ऐसी किसी भी अप्रिय स्थिति की पुनरावृत्ति न हो।

निरीक्षण के दौरान श्री सिंह ने छात्रावास, रसोईघर, भोजन की गुणवत्ता, पेयजल व्यवस्था, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने वार्डन, शिक्षिकाओं एवं विद्यालय कर्मियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा छात्राओं से संवाद कर उनकी समस्याओं और सुझावों की जानकारी ली।
उन्होंने निर्देश दिया कि छात्राओं के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी की जाए, भोजन की गुणवत्ता एवं स्वच्छता के मानकों का कड़ाई से पालन हो तथा किसी भी छात्रा के अस्वस्थ होने पर तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराते हुए प्रशासन को सूचित किया जाए।

“जिले में हुई हालिया घटना हम सभी के लिए एक चेतावनी है। प्रशासन का प्रयास केवल घटनाओं के बाद कार्रवाई करना नहीं, बल्कि समय रहते एहतियाती कदम उठाकर ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकना है। छात्राओं का स्वास्थ्य, सुरक्षा और बेहतर शैक्षणिक वातावरण हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।”
बरडीहा प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कस्तूरबा विद्यालय सहित सभी संवेदनशील संस्थानों की नियमित निगरानी जारी रहेगी तथा छात्राओं की सुरक्षा और स्वास्थ्य से जुड़े सभी मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराया जाएगा।



