अनुप सिंह
पलामू जिले के मोहम्मदगंज थाना क्षेत्र के भौंराहा पहाड़ स्थित जंगल में शनिवार को एक माह से लापता युवक का शव पेड़ से लटका हुआ मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना पिपरा आहर के समीप की है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान गढ़वा जिले के कांडी प्रखंड अंतर्गत श्रीनगर गांव निवासी कुलदीप राम के 23 वर्षीय पुत्र ओम प्रकाश कुमार के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार ओम प्रकाश 1 जून से घर से लापता था। काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई पता नहीं चलने पर कांडी थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।

शनिवार को जंगल में मवेशी चरा रहे चरवाहों की नजर नीम के पेड़ से लटके शव पर पड़ी। उन्होंने तत्काल ग्रामीणों, और पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही मोहम्मदगंज थाना प्रभारी नारायण सोरेन ने थाना के एएसआई प्रद्युमन पासवान को पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर भेजे। पुलिस ने शव को पेड़ से उतरवाकर कब्जे में लिया तथा घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
इस संबंध मोहम्मदगंज थाना प्रभारी नारायण सोरेन ने बताया कि आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीनगर स्थित एमएमसीएच भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि युवक के लापता होने का मामला पहले से कांडी थाना में दर्ज है। इसलिए मामले की आगे की जांच कांडी थाना की पुलिस करेगी। हालांकि, घटनास्थल मोहम्मदगंज थाना क्षेत्र में होने के कारण दोनों थानों की पुलिस समन्वय के साथ मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर युवक की मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

