प्रखंड कार्यालय के सभागार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को लेकर विशेष प्रशिक्षण एवं शंका समाधान कार्यक्रम आयोजित

अनुप सिंह

भारत निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के सफल एवं समयबद्ध क्रियान्वयन को लेकर बरडीहा प्रखंड कार्यालय में प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी प्रवीण कुमार सिंह की अध्यक्षता में सभी बीएलओ, वोलंटियर के रूप में प्रतिनियुक्त सहायक शिक्षकों तथा प्रखंड एवं अंचल कार्यालय के सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों का विशेष प्रशिक्षण एवं शंका समाधान (डाउट क्लियरेंस) कार्यक्रम आयोजित किया गया।कार्यक्रम के दौरान सीओ ने बताया कि 30 जून से 29 जुलाई 2026 तक चलने वाला यह अभियान भारत निर्वाचन आयोग का अत्यंत महत्वपूर्ण एवं पूर्णतः समयबद्ध कार्यक्रम है। उन्होंने सभी बीएलओ, शिक्षकों एवं कर्मियों से पूरी निष्ठा, समर्पण एवं टीम भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि अभियान के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा सभी अधिकारी एवं कर्मी आपसी समन्वय स्थापित कर लक्ष्य के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करेंगे।

उन्होंने बताया कि अभियान की समय-सीमा को देखते हुए अवकाश के दिनों में भी कार्य पूर्ववत जारी रहेगा, ताकि निर्धारित अवधि के भीतर सभी गणना प्रपत्रों का संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन कार्य पूर्ण किया जा सके।बताया कि बीएलओ द्वारा प्रतिदिन एकत्रित गणना प्रपत्रों के संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन की सुविधा हेतु प्रखंड में चार संग्रहण केंद्र निर्धारित किए गए हैं।जिनमें प्रखंड कार्यालय बरडीहा, पंचायत भवन ओबरा,पंचायत भवन आदर एवं पंचायत भवन जतरो बंजारी है।

साथ ही निर्देश दिया गया कि संबंधित क्षेत्र के सभी बीएलओ प्रतिदिन दोपहर 2:00 बजे तक अपने-अपने संग्रहण केंद्र पर दैनिक प्रतिवेदन एवं संकलित प्रपत्रों के साथ उपस्थित होंगे।वहां प्रतिनियुक्त कंप्यूटर ऑपरेटर एवं संबंधित पदाधिकारी के सहयोग से प्रपत्रों का तत्काल डिजिटाइजेशन सुनिश्चित किया जाएगा।

इधर बरडीहा बीडीओ ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे अपने क्षेत्र के बीएलओ को आवश्यक सहयोग प्रदान करें तथा सही एवं अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराकर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने में सहभागी बनें।

Leave a Comment