अनुप सिंह
मझिआंव:- नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड संख्या 4 की वार्ड सदस्य गीता सिंह ने वार्ड की लंबित जनसमस्याओं के त्वरित समाधान की मांग को लेकर नगर पंचायत अध्यक्ष सुमित्रा देवी एवं कार्यपालक पदाधिकारी शैलेश कुमार को लिखित आवेदन सौंपा है। आवेदन में वार्ड में लंबित विकास कार्यों को शीघ्र पूरा कराने तथा अब तक किए गए कार्यों की प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने की मांग की गई है।
वार्ड सदस्य ने बताया कि वार्ड की विभिन्न समस्याओं से संबंधित लिखित एवं मौखिक शिकायतें पूर्व में भी कई बार नगर पंचायत प्रशासन को दी जा चुकी हैं। लेकिन अधिकांश मामलों में अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि मानसून शुरू होने के कारण वार्डवासियों को जलजमाव,गंदगी और अन्य बुनियादी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है । जिससे लोगों की परेशानी बढ़ गई है।

आवेदन में वार्ड संख्या 4 में नाली निर्माण कार्य का टेंडर होने के बावजूद कार्य प्रारंभ नहीं होने पर चिंता जताते हुए तत्काल निर्माण शुरू कराने की मांग की गई है। इसके अलावा वार्ड की खराब पड़ी अधिकांश स्ट्रीट लाइटों की शीघ्र मरम्मत,नालियों की नियमित सफाई, पर्याप्त संख्या में डस्टबिन उपलब्ध कराने तथा स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने की मांग भी की गई है।
वार्ड सदस्य ने प्रधानमंत्री आवास योजना के लंबित आवेदनों की स्थिति स्पष्ट करने तथा जियोटैगिंग पूरी होने के बाद भी अंतिम किस्त से वंचित लाभुकों को अविलंब भुगतान सुनिश्चित कराने की मांग उठाई है। साथ ही बैलगाड़ी छठ घाट की क्षतिग्रस्त सीढ़ियों की गुणवत्ता की जांच कर संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने, वार्ड में शुद्ध पेयजल की स्थायी व्यवस्था के लिए चापाकल अथवा अन्य उपयुक्त संसाधन उपलब्ध कराने तथा कार्यों में लापरवाही और अनावश्यक विलंब करने वाले ठेकेदारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने की भी मांग की गई है। वहीं इस संबंध में पूछे जाने पर नगर पंचायत अध्यक्ष सुमित्रा देवी ने बताया कि उनके अधिकांश मांगो में कार्य किया जा रहा है।

