सुबह 7 बजे अपने आवास से पैदल चलकर दुर्गा बाड़ी मंदिर पहुंचे सीओ
3 घंटे की मैराथन बैठक के बाद स्वेच्छा से हटा अतिक्रमण, मुकदमों पर बनी सुलह
अनुप सिंह
बरडीहा प्रखंड के अंतर्गत जीका गांव में पिछले पांच वर्षों से चला आ रहा पेचीदा और गंभीर ‘जीका दुर्गा बाड़ी जमीन विवाद’ आज सौहार्दपूर्ण वातावरण में पूरी तरह सुलझा लिया गया। अंचल कार्यालय, जिला कार्यालय से लेकर सिविल कोर्ट और विभिन्न न्यायालयों के चक्कर लगा रहे इस पुराने मामले का पटाक्षेप प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी (बीडीओ सह सीओ) प्रवीण कुमार सिंह की उपस्थिति और कुशल मध्यस्थता में संभव हो पाया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ प्रवीण कुमार सिंह सुबह 7:00 बजे अपने आवास से पैदल चलकर सीधे जीका दुर्गा बाड़ी मंदिर पहुंचे, जहां सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण और गणमान्य लोग पहले से ही उनका इंतजार कर रहे थे। इसके तुरंत बाद बैठक की कार्रवाई शुरू हुई, जो सुबह 7:00 बजे से लेकर 10:00 बजे तक यानी लगभग 3 घंटे तक मैराथन रूप से चली।

बैठक की शुरुआत करते हुए अंचल अधिकारी प्रवीण कुमार सिंह ने ग्रामीणों को एक बेहद मार्मिक और हृदयस्पर्शी संबोधन दिया। उन्होंने गांव के विकास, बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और स्थायी शांति के लिए एकजुटता पर विशेष बल दिया। ग्रामीणों को सीख देते हुए सीओ ने कहा:
> “गांव के समग्र विकास और शांति के लिए आप सभी का एकजुट रहना परम आवश्यक है। आपस में लड़ेंगे तो तीसरे लोग इसका फायदा उठाएंगे। याद रखें, जो जितना अधिक झुकता है, वह उतना ही बुद्धिमान कहलाता है और इतिहास में उसकी महानता व नायकत्व की चर्चा होती है, क्योंकि फल से लदे हुए वृक्ष ही हमेशा झुकते हैं, जबकि मरा हुआ वृक्ष अहंकार में टूट जाता है, झुकता नहीं है।”

सीओ के इस दिल छू लेने वाले संबोधन ने ग्रामीणों का दिल जीत लिया और वर्षों से मन में जमी कड़वाहट को दूर कर दिया। इसके सकारात्मक परिणाम स्वरूप, सार्वजनिक जमीन पर जिन दो व्यक्तियों ने विगत 5 वर्षों से अतिक्रमण कर रखा था, उन्होंने स्वेच्छा से आज के आज ही अतिक्रमण हटाने की घोषणा कर दी। इसके साथ ही मौके पर ही अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई और मंदिर परिसर व सार्वजनिक भूमि की मापी शुरू कर दी गई।
इसके अतिरिक्त, सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करने के लिए बैठक में सर्वसम्मति से कई बड़े निर्णय लिए गए:
*एसटी-एससी एक्ट में सुलहनामा: मुखिया जी के कुछ व्यक्तियों के द्वारा पूर्व में किए गए एसटी-एससी एक्ट के मामले में दोनों पक्षों द्वारा आपसी सहमति से सुलहनामा किया जाएगा।

एफआईआर का निस्तारण: घर तोड़ने व आपसी झगड़े से संबंधित दर्ज एक अन्य प्राथमिकी में भी दोनों पक्ष सुलह करने को राजी हो गए।
दावा छोड़ना: जिन परिवारों ने विवादित भूमि पर तीन डिसमिल जमीन की बंदोबस्ती कराई थी, वे सार्वजनिक हित में स्वेच्छा से अपना दावा छोड़ देंगे और वहां से निर्माण को हटा दिया जाएगा।
अंचल अधिकारी प्रवीण कुमार सिंह के इस अथक प्रयास, कर्तव्यनिष्ठा और तत्परता की पूरे गांव व क्षेत्र में भूरी-भूरी सराहना हो रही है। ग्रामीणों ने वर्षों पुराने इस विवाद को आपसी भाईचारे से सुलझाने पर राहत की सांस ली है।
जीका दुर्गा बाड़ी परिसर में आयोजित इस विशेष बैठक की अध्यक्षता उप प्रमुख सकेन्द्र पासवान द्वारा की गई। मौके पर मुखिया सुनीता देवी, मुखिया सरोज देवी ,मुखिया पति वशिष्ठ पासवान, उमेश पाल समेत सैकड़ों की संख्या में क्षेत्र के गणमान्य लोग और ग्रामीण उपस्थित थे।

