बरडीहा के सात गांवों में विधायक मद से बनी सड़कें, ग्रामीणों को मिली विकास की नई सौगात

 

ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता: नरेश प्रसाद सिंह

अनुप सिंह

मझिआंव :-विश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र के बरडीहा प्रखंड में ग्रामीण विकास को नई गति देते हुए विधायक नरेश प्रसाद सिंह की अनुशंसा पर विधायक मद से सात महत्वपूर्ण पथ निर्माण योजनाओं का कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है। इन योजनाओं के पूरा होने से वर्षों से बेहतर सड़क की प्रतीक्षा कर रहे हजारों ग्रामीणों को आवागमन की बड़ी राहत मिली है।

पूर्ण हुई योजनाओं में ग्राम सलगा में शंकर यादव के घर से उदय यादव के घर तक एवं कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय चौक से लालगढ़ा मुख्य पथ तक, ग्राम खरडीहा में उमेश यादव के घर से कोल्हुआ पुल तक, ग्राम आदर में आदर नहर से गुलबास अंसारी के घर तक, ग्राम बंजारी में रेलवे क्रॉसिंग से शंकर रजवार के घर तक, ग्राम सेमरी में सेमरी विद्यालय से लेवाटांड़ सीवान तक तथा ग्राम सुखनदी में सुखनदी से थमवा टोला तक पथ निर्माण कार्य शामिल हैं।

 

इन सातों योजनाओं के पूर्ण होने से सलगा, खरडीहा, आदर, बंजारी, सेमरी एवं सुखनदी सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में घरों, विद्यालयों, खेतों और मुख्य सड़कों के बीच संपर्क और अधिक सुदृढ़ हुआ है। अब विद्यार्थियों, किसानों, महिलाओं एवं आम ग्रामीणों को वर्षभर सुगम और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी।

विधायक नरेश प्रसाद सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। विकास केवल घोषणा से नहीं, बल्कि धरातल पर दिखाई देने वाले कार्यों से होता है। जनता के विश्वास पर खरा उतरते हुए विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव तक विकास की रोशनी पहुँचाने का कार्य निरंतर जारी रहेगा।

 

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी क्षेत्र की जनभावनाओं के अनुरूप विकास योजनाओं को प्राथमिकता देकर हर गांव को मजबूत आधारभूत सुविधाओं से जोड़ने का कार्य लगातार किया जाएगा।

Leave a Comment