अनुप सिंह
मझिआंव:-सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मझिआंव में रविवार की सुबह 28 वर्षीय अगस्त पासवान को मृत घोषित करते ही परिजनों में कोहराम मच गया। डॉक्टर कुलदेवश चौधरी ने युवक को मृत घोषित किया।
इस संबंध में मृतक की बहन आशा देवी ने बताया कि उनका छोटा भाई अगस्त पासवान, पिता राजकिशोर पासवान, ढेलकाडीह, थाना कांडी निवासी लगभग दो माह पहले काम करने बिहार के पटना गया था। शनिवार की भोर में ट्रेन से मोहम्मद गंज पहुंचा और वहां से सोनपुरवा-बरवाडीह गांव के टेम्पो से घर लौट रहा था। रास्ते में टेम्पो से गिर गया या उसके साथ क्या हुआ, यह स्पष्ट नहीं हो पाया।

टेम्पो चालक का भाई अगस्त को बेहोशी की हालत में घर लेकर आया। परिजन उसी टेम्पो से उसे कांडी अस्पताल ले गए, जहां से डॉक्टरों ने गढ़वा रेफर कर दिया। इसके बाद मझिआंव अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
वहीं उपस्थित डॉ. कुलदेवश चौधरी ने बताया कि मृतक के दाहिने पैर में हल्का कट का निशान और सीने में हल्की सूजन थी। शरीर के अन्य हिस्सों पर चोट या कट के निशान नहीं मिले। मौत के सही कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। वहीं डॉ कुलदेव चौधरी के द्वारा थाना को सूचना दी गई।

सूचना पर मझिआंव थाना के एस आई तपेश कुमार व एएसआई विद्याधर मछुआ पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा किया और पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेज दिया। परिजनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने हादसे में प्रयुक्त टेम्पो को भी जब्त कर थाना ले आई है।
28 वर्षीय अगस्त की मौत से ढेलकाडीह गांव में शोक की लहर है। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि युवक टेम्पो से खुद गिरा या कोई अन्य कारण था।



