मझिआंव व बरडीहा थाना में ‘थाना दिवस’ आयोजित, भूमि विवादों के त्वरित समाधान का भरोसा, फिर लगेगा 14 अगस्त को थाना दिवस: बीडीओ 

अनुप सिंह 

मझिआंव:-उपायुक्त के निर्देश के आलोक में गुरुवार को मझिआंव एवं बरडीहा थाना परिसर में ‘थाना दिवस’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मझिआंव थाना परिसर में आयोजित कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी कनक, थाना प्रभारी अमित कुमार, अंचल निरीक्षक शशि कुमार तथा बरडीहा थाना परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी प्रवीण कुमार सिंह,थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह एवं जिला से आए फूड सेफ्टी ऑफिसर मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

थाना दिवस के दौरान प्रखंड के विभिन्न गांवों से पहुंचे ग्रामीणों ने भूमि विवाद, सीमांकन, कब्जा एवं अन्य स्थानीय समस्याओं से संबंधित आवेदन अधिकारियों को सौंपे। अधिकारियों ने सभी मामलों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित कर्मियों को आवश्यक जांच एवं त्वरित निष्पादन के निर्देश दिए। कई मामलों के ऑन-द-स्पॉट समाधान का भी प्रयास किया गया।

अधिकारियों ने बताया कि जनसमस्याओं के प्रभावी समाधान के उद्देश्य से प्रत्येक माह की 15 तारीख को ‘अंचल दिवस’ तथा 30 तारीख को ‘थाना दिवस’ का नियमित आयोजन किया जाता है। इन कार्यक्रमों के माध्यम से राजस्व एवं पुलिस विभाग संयुक्त रूप से भूमि संबंधी विवादों का निपटारा करते हैं, जिससे ग्रामीणों को न्यायालय अथवा सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर नहीं लगाने पड़ें।

उन्होंने कहा कि जिन मामलों का समाधान थाना या अंचल स्तर पर संभव नहीं हो पाता, उन्हें आवश्यक प्रतिवेदन के साथ अनुमंडल पदाधिकारी को भेजा जाता है, ताकि संबंधित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जा सके। अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि वे भूमि विवादों के समाधान के लिए प्रशासनिक व्यवस्था का लाभ उठाए।

इधर मझिआंव बीडीओ सह प्रभारी सीओ श्रीमती कनक ने कहा कि 14 अगस्त को लगेगा थाना दिवस, और जमीन मामले को निष्पादन किया जाएगा।

Leave a Comment