अनुप सिंह
बरडीहा प्रखंड अंतर्गत कोल्हुआ गांव में मध्य विद्यालय तक जाने वाली सड़क की स्थिति काफी दयनीय हो गई है। कोल्हुआ गांव स्थित पीसीसी मुख्य सड़क से डेढ़ सौ मीटर की दूरी पर स्थित मध्य विद्यालय तक जाने वाली सड़क कीचड़युक्त व दलदल हो गई है। विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चे हर रोज उक्त सड़क में फिसल कर या दलदल में फंस कर गिर रहे हैं। यहां तक कि दूर दराज से आने वाले शिक्षकों को भी भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

इन दिनों लगातार हो रही रिमझिम बारिश से सड़क की स्थिति और भी खराब हो गई है। जिससे विद्यालय के नन्हे मुन्ने बच्चे काफी परेशान हो रहे हैं। मिली जानकारी के अनुसार विद्यालय जाने वाले बच्चे व शिक्षकों के साथ-साथ कोल्हुआ गांव के लोगों का भी उक्त सड़क से रोज आना जाना होता है किंतु अभी तक किसी ने सड़क मरम्मती की ओर ध्यान नहीं दिया। कोल्हुआ गांव के अधिकतर लोगों का जमीन बड़का अहरा के इर्दगिर्द है, जहां इसी रास्ते से होकर जाना पड़ता है।

लोग अपना मवेशी भी इसी रास्ते से रोज लाते – ले जाते हैं।लगातार ट्रैक्टर के आने जाने से भी सड़क बुरी तरह खराब हो गई है। किंतु सड़क की दुर्दशा पर अब तक किसी जनप्रतिनिधि या पदाधिकारी का ध्यान नहीं है।
बताते चलें कि कुछ दिन पूर्व बरडीहा प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रवीण कुमार सिंह मध्य विद्यालय कोल्हुआ के प्रांगण में बाबा धाम जाने वाले श्रद्धालुओं को रवाना करने आए थे। ग्रामीणों ने बीडीओ से सड़क की मरम्मती की गुहार लगाई थी किंतु अबतक सड़क का हाल ज्यों का त्यों बना हुआ है।

इस संबंध में पूछे जाने पर पंचायत मुखिया ऋषा देवी का कहना है बीडीओ सर के द्वारा भी सड़क मरम्मति के लिए कहा गया है, मौसम साफ होते ही आने जाने लायक सड़क मरम्मत कार्य किया जाएगा। साथ ही मुखिया ने यह भी कहा कि मिट्टी मोरम सड़क के लिए ग्राम सभा में पारित कर लिया गया है। और कार्य योजना आते ही सड़क को बेहतर बना दिया जाएगा।



