बड़ी खबर: संदेहास्पद स्थिति में उत्क्रमित हाई स्कूल के शिक्षिका के पुत्र की हुई मौत

 

अनुप सिंह 

मझिआंव :- थाना क्षेत्र के सोलह बिगहवा गांव निवासी गोपाल प्रसाद के 35 वर्षीय पुत्र सोनल कुमार जायसवाल की संदेहास्पद स्थिति में मौत हो गई। उनका शव पलामू जिले के उंटारी रोड स्थित शराब दुकान के पास पड़ा मिला। सूचना मिलने पर परिजन व सग्गे संबंधी मौके पर पहुंचे और उन्हें मझिआंव समुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। वहीं ड्यूटी पर तैनात डॉ. विनोद कुमार सिंह ने जांच के बाद बताया कि अस्पताल लाने से पहले ही उनकी मृत्यु हो चुकी थी।

सूचना मिलते ही मझिआंव पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा भेज दिया। मृतक के शरीर पर दाहिने हाथ, कंधे सहित अन्य हिस्सों पर जलने / फोड़ा-फुंसी जैसे निशान पाए गए हैं। चर्चा है कि हो सकता है किसी ने गर्म पानी डाला हो। वहीं कुछ लोगों का कहना है कि मृतक अत्यधिक शराब का सेवन करता था। फिलहाल मौत के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल सका है। उंटारी रोड थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

 

मृतक सोनल जायसवाल मझिआंव के उत्क्रमित हाई स्कूल में कार्यरत शिक्षिका सीमा जायसवाल के बड़े पुत्र थे। उनकी पत्नी और दो बेटियां हैं। बड़ी बेटी 7 वर्ष की है जो कक्षा 2 में और छोटी 6 वर्ष की है जो कक्षा 1 में, दोनों अपनी दादी के ही स्कूल में पढ़ती हैं। मृतक की शादी विंढमगंज में हुई थी। परिवार मूल रूप से बरडीहा गांव का रहने वाला है, लेकिन वर्षों से मझिआंव में ही मकान बनाकर रह रहे हैं। बड़े पुत्र की अचानक मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।

Leave a Comment