अनुप सिंह
मझिआंव(गढ़वा):- मौसम में लगातार हो रहे बदलाव और बारिश के बीच सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मझिआंव में इन दिनों मरीजों की भीड़ बढ़ गई है। ओपीडी में बड़ी संख्या में लोग सर्दी, खांसी, बुखार और बदन दर्द जैसी शिकायतों को लेकर इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। चिकित्सकों के अनुसार फिलहाल अधिकांश मामले सीजनली वायरल फीवर से जुड़े सामने आ रहे हैं।
चिकित्सक डॉ. विनोद कुमार सिंह ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से बुखार की शिकायत लेकर आने वाले मरीजों की संख्या बढ़ी है। एहतियात के तौर पर बुखार से पीड़ित 20 मरीजों की मलेरिया जांच करायी गयी, लेकिन सभी की रिपोर्ट निगेटिव आयी है। उन्होंने बताया कि बारिश के मौसम में तापमान और नमी में बदलाव के कारण वायरल संक्रमण की संभावना बढ़ जाती है।

डॉ. सिंह ने लोगों से बीमारी के प्रति सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि बुखार, सर्दी-खांसी या कमजोरी को नजरअंदाज न करें। पर्याप्त आराम करें और शरीर में पानी की कमी नहीं होने दें। उन्होंने लोगों को साफ एवं उबला अथवा सुरक्षित पानी पीने,ताजा और स्वच्छ भोजन करने तथा आसपास जलजमाव नहीं होने देने की सलाह दी।

उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम में मच्छरों का प्रकोप बढ़ने से मलेरिया और अन्य मच्छरजनित बीमारियों का खतरा भी रहता है। इसलिए घर के आसपास पानी जमा न होने दें, मच्छरदानी का प्रयोग करें और पूरे शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनें। लगातार तेज बुखार या अन्य गंभीर लक्षण होने पर स्वयं दवा लेने के बजाय चिकित्सक से जांच कराकर उचित उपचार लेना चाहिए।

