बरडीहा के बीडीओ सह सीओ ने किया लोका,मझीगावां,लावा चंपा और बरछाबांध का किया औचक निरीक्षण, सड़क से लेकर शिक्षा व्यवस्था तक पर की कड़ी कार्रवाई

 

अनूप सिंह 

बरडीहा प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी प्रवीण कुमार सिंह ने सुबह लोका , मझीगावां, लावा चंपा और बरछाबांध क्षेत्र का भ्रमण कर जन चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं,और मौके पर ही त्वरित समाधान सुनिश्चित किया। इस दौरान सामने बरछा बांध की गलियों और सड़कों का जायजा लेते हुए उन्होंने बदहाल सड़कों को ग्राम सभा के माध्यम से तुरंत योजना में शामिल करने का निर्देश दिया। नई जगहों पर मिट्टी-मोरम और पुरानी सड़कों पर जीएसबी से सड़क बनाने का आदेश दिया गया।

बरछा बांध में आपसी विवाद के कारण लोगों द्वारा घेरे गए रास्ते का मौके पर मुआयना कर पकड़ू यादव, एवं डोमन यादव,बच्चा यादव सहित अन्य लोगों के दोनों पक्षों को समझाया गया, और नाद , खूंटा वगैरह से अवरोध को हटाकर रास्ता तुरंत खुलवाया गया। वहीं लावा चंपा के अमवा टोला में उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय का औचक निरीक्षण करने पर निर्धारित समय के बाद भी शिक्षक या छात्र उपस्थित नहीं मिले। ग्रामीणों की शिकायत पर बीडीओ ने शिक्षिका पुनम देवी को चेतावनी देते हुए कहा कि शिक्षक समाज के निर्माता होते हैं, अतः वे अपने दायित्वों के प्रति गंभीर रहें।

वहीं बरछा बांध आहर की मेड़ बांधने से कर्म देव यादव धान के खेत के डूबने की शिकायत पर उन्होंने त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया। वहीं बरछा बांध में ही नंदू चौधरी के पूरी तरह से क्षतिग्रस्त मकान के कारण प्लास्टिक की झोपड़ी में रह रहे पीड़ित नंदू चौधरी को आपदा प्रबंधन के तहत मुआवजा देने का निर्देश देते हुए तत्काल आवेदन की मांग की गई।

बीडीओ ने बताया कि प्रशासनिक व्यस्तता के बावजूद ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित समाधान किया जा रहा है।ईस दौरान पूर्व विधायक प्रतिनिधि सह समाजसेवी पुष्प रंजन मेहता, विधायक जिला प्रतिनिधि बसंत चौधरी सहित दर्जनों ग्रामीण मौजूद थे।

 

Leave a Comment