अनुप सिंह
मझिआंव:- गर्भवती महिलाओं के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण एवं सुरक्षित मातृत्व को लेकर प्रत्येक माह की 9 तारीख को आयोजित होने वाले एएनसी (एंटी नेटल चेकअप) कार्यक्रम के तहत बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मझिआंव में जांच शिविर लगाया गया। शिविर में करीब एक सौ महिलाओं की स्वास्थ्य जांच की गई। इस दौरान महिलाओं का ब्लड प्रेशर,ब्लड शुगर, हीमोग्लोबिन और एचआईवी समेत आवश्यकतानुसार कई अन्य जांच की गई।
चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों ने गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य की जांच करते हुए उन्हें गर्भावस्था के दौरान नियमित जांच कराने, पौष्टिक आहार लेने तथा चिकित्सकीय सलाह का पालन करने के प्रति जागरूक किया। जांच के दौरान किसी महिला में स्वास्थ्य संबंधी समस्या पाए जाने पर आवश्यक परामर्श एवं उपचार की दिशा में भी पहल की गई।

शिविर की पूरी व्यवस्था डॉक्टर इरशाद अंसारी की देखरेख में की गई। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से नियमित रूप से आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराकर सुरक्षित प्रसव एवं मातृ-शिशु स्वास्थ्य को बेहतर बनाना है। बताया कि गर्भावस्था के दौरान समय पर जांच कराना मां और बच्चे दोनों के स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण है। एएनसी जांच के माध्यम से गर्भावस्था के दौरान होने वाली संभावित जटिलताओं की समय रहते पहचान कर आवश्यक उपचार एवं परामर्श दिया जा सकता है।
शिविर में एमपीडब्ल्यू नरेंद्र प्रसाद, एएनएम कुमारी कंचना, जूलियाना लकड़ा, जीएनएम गुड़िया देवी एवं टेक्नीशियन इरशाद अंसारी सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मियों ने अपनी जिम्मेदारी निभाई।

