विद्यालय में घुसकर महिला शिक्षिका से अभद्रता, युवक हिरासत में, पुलिस जांच में जुटी 

अनुप सिंह 

मझिआंव:- थाना क्षेत्र के ऊंचरी गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक कथित तौर पर हाथ में लाठी लेकर विद्यालय में घुस गया और महिला सहायक शिक्षिका के साथ गाली-गलौज व अभद्र व्यवहार करने लगा। घटना के बाद शिक्षिका की तबीयत बिगड़ गई और परिजनों ने उन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मझिआंव पहुंचाया। मामले में शिक्षिका ने थाना में लिखित आवेदन देकर जांच के बाद उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

शरकोनी गांव निवासी शाहबाज आलम की पत्नी सह सहायक शिक्षिका शाइस्ता सुल्ताना ने आवेदन में आरोप लगाया है कि ऊंचरी गांव निवासी दुखीराम के 40 वर्षीय पुत्र जोगेंद्र चंद्रवंशी करीब 9:30 बजे विद्यालय में लाठी लेकर पहुंचा। उसने आते ही गाली-गलौज एवं अभद्र व्यवहार किया तथा कहा कि विद्यालय में मुस्लिम शिक्षक नहीं पढ़ाएगा। शिक्षिका ने बताया कि वह हृदय रोग से पीड़ित हैं। घटना के दौरान उन्हें चक्कर आया और वे बेहोश हो गईं। इसके बाद परिजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। परिजनों के अनुसार, फिलहाल उनका इलाज गढ़वा के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।

शिक्षिका ने यह भी आरोप लगाया कि उक्त युवक पूर्व में भी मेरे साथ दो बार अभद्र व्यवहार कर चुका है। वहीं विद्यालय के प्रधान शिक्षक ने बताया कि युवक हाथ में डंडा लेकर विद्यालय आया था, हालांकि उसके शराब के नशे में होने की जानकारी उन्हें नहीं है। वहीं मिली जानकारी के अनुसार युवक के भाभी विद्यालय में संयोजिका के काम करती है और भाई एवं भाभी के साथ घर में नहीं बनता है। मामला थाना तक भी पहुचा था, और शिक्षिका एवं संयोजिका के बीच तालमेल होने और बात इधर-उधर करने पर आरोपी जोगेन्द्र शाइस्ता से नाराज था।

इधर आवेदन मिलते ही थाना प्रभारी अमित कुमार के निर्देश पर पुलिस ने आरोपित युवक को हिरासत में ले कर पूछताछ के लिए थाना लाया है। इधर ही संबंध में थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि पीड़िता के द्वारा आवेदन दिया गया है, और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Comment