16वें वित्त आयोग की वार्षिक योजना को लेकर बरडीहा में पंचायत समिति की बैठक

बीडीओ ने कहा- विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में देरी और लापरवाही बर्दाश्त नहीं

अनूप सिंह 

बरडीहा प्रखंड पंचायत समिति बरडीहा की बैठक गुरुवार को उपप्रमुख सतेंद्र पासवान की अध्यक्षता में प्रखंड कार्यालय सभागार में हुई। बैठक का संचालन पंचायत समिति के सचिव सह बीडीओ प्रवीण कुमार सिंह ने किया। बैठक का मुख्य उद्देश्य 16वें वित्त आयोग के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 की वार्षिक योजना (BPDP) तैयार करना था। इस दौरान प्रखंड क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने, नई योजनाओं के चयन और आवंटित राशि के शीघ्र एवं समुचित उपयोग को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में पंचायत समिति सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्र की आवश्यकताओं और विकास संबंधी प्रस्तावों को रखा। सदस्यों की मांगों पर चर्चा के बाद विभिन्न नई योजनाओं को वार्षिक योजना में शामिल करने पर सहमति बनी। साथ ही पूर्व से संचालित विकास योजनाओं को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने पर जोर दिया गया।

बैठक में वर्तमान में बालू की उपलब्धता को लेकर उत्पन्न समस्या का मुद्दा भी उठा। सदस्यों ने बताया कि एनजीटी की रोक के कारण बालू की आपूर्ति प्रभावित होने से निर्माण कार्यों में परेशानी आ रही है। इस पर बताया गया कि 15 अक्टूबर के बाद बालू की आपूर्ति सुचारू होने की संभावना है, जिससे विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी आएगी।

बीडीओ प्रवीण कुमारईीीी सिंह ने संबंधित कर्मियों एवं जिम्मेवार लोगों को स्पष्ट निर्देश दिया कि विकास योजनाओं के कार्यान्वयन में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने और आवंटित राशि का समय पर उपयोग सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में बीपीआरओ सुरेंद्र सिंह, ब्लॉक कोऑर्डिनेटर गणेश सिंह,प्रमुख प्रतिनिधि ललन यादव सहित पंचायत समिति सदस्य तारा देवी, मो. युसुफ अंसारी, रत्नेश साह, निर्मला देवी, सुनीता देवी समेत अन्य जनप्रतिनिधि व प्रखंड कर्मी उपस्थित थे।

Leave a Comment