अनूप सिंह
बरडीहा थाना के नए थाना प्रभारी के रूप में पदभार संभालने वाले राहुल सिंह के स्वागत एवं स्थानांतरित थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह की विदाई को लेकर शुक्रवार को भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में मुख्य रूप से बीडीओ सह सीओ प्रवीण कुमार सिंह एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, बुद्धिजीवियों, पुलिस पदाधिकारीयों एवं ग्रामीणों ने दोनों पुलिस अधिकारियों के प्रति सम्मान और शुभकामनाएं व्यक्त की।

इस दौरान लोगों ने नए थाना प्रभारी राहुल सिंह को अंगवस्त्र एवं फूलों का गुलदस्ता भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया। तो वहीं पूर्व थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह को भी अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ देकर भावभीनी विदाई दी गई। बताते चलें कि ऋषिकेश कुमार सिंह 1 अक्टूबर 2024 में योगदान दिए थे। इस दौरान बीडीओ प्रवीण कुमार सिंह ने ऋषिकेश कुमार सिंह के कार्यकाल को सराहना किए। और राहुल कुमार सिंह को अच्छा कार्य करने के लिए अपेक्षा जताया।

समारोह में लोगों ने ऋषिकेश कुमार सिंह के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ आम लोगों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने का प्रयास किया। इनके कार्यकाल में जटील से जटील मामले को गंभीरता से लेते हुए उजागर किया। और दोषियों को हवालात तक भेजने का काम किया। वहीं नए थाना प्रभारी राहुल सिंह ने लोगों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय से ही क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाया जा सकता है। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि थाना क्षेत्र की समस्याओं के समाधान और अपराध नियंत्रण के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

वहीं ऋषिकेश कुमार सिंह ने कहा कि बरडीहा में अपने कार्यकाल के दौरान उन्हें आम लोगों एवं जनप्रतिनिधियों का सहयोग मिला, जिसे वे हमेशा याद रखेंगे। समारोह में उपस्थित लोगों ने दोनों अधिकारियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

गौरतलब हो कि बरडीहा के नए थाना प्रभारी राहुल सिंह इससे पूर्व विशुनपुरा थाना में पद स्थापित थे। वहीं ऋषिकेश कुमार सिंह का तबादला कांडी थाना में किया गया। इस दौरान मौके पर उप प्रमुख सत्येंद्र पासवान, समाजसेवी नवल किशोर यादव, गुलाम गौस, पुलिस एसोसिएशन के महा मंत्री लालेश्वर राम, मृत्युंजय राय, संतोष पाण्डेय, विष्णु कांत दुबे,प्रबल महतो, रत्नेश साह, प्रदीप तिवारी, संजय राम सहित अन्य लोग मौजूद थे।



