चन्दना गांव में सार्वजनिक सड़क पर अतिक्रमण का आरोप, अंचल अधिकारी से कार्रवाई की मांग

अनूप सिंह 

मझिआंव(गढ़वा):- प्रखंड के करमडीह पंचायत अंतर्गत चन्दना गांव में सार्वजनिक सड़क पर अतिक्रमण किए जाने का मामला सामने आया है। इसे लेकर चन्दना गांव निवासी जियाउल असफाक खान, पिता हाजी असफाक खान ने अंचल अधिकारी मझिआंव को लिखित आवेदन देकर सड़क को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की है।आवेदन में शिकायतकर्ता ने बताया है कि चन्दना गांव में चारमुहान स्थित यात्री शेड से लेकर जहांगीर खान के घर तक जाने वाली सार्वजनिक सड़क पर कुछ लोगों द्वारा ईंट की बाउंड्री खड़ी कर कथित रूप से अतिक्रमण कर लिया गया है। इसके कारण सड़क की चौड़ाई प्रभावित होने के साथ आम लोगों के आवागमन में परेशानी उत्पन्न हो रही है।

शिकायतकर्ता का कहना है कि उक्त सड़क ग्रामीणों के लिए महत्वपूर्ण सार्वजनिक मार्ग है। अतिक्रमण के कारण लोगों को आने-जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इससे सड़क की उपयोगिता भी प्रभावित हो रही है।

उन्होंने अंचल अधिकारी से मामले की स्थल जांच कर सरकारी एवं सार्वजनिक भूमि की स्थिति स्पष्ट करने तथा नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए सड़क को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की है। साथ ही आम नागरिकों के सुचारू आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया है।

बताया गया कि शिकायत से संबंधित आवेदन पर करमडीह पंचायत के पंचायत समिति सदस्य एवं वार्ड सदस्य ने भी अनुशंसा की है।

Leave a Comment