अनूप सिंह
गढ़वा जिले के कांडी प्रखंड मुख्यालय स्थित चोरांटी पहाड़ पर मंगलवार को चोराटी बाबा मंदिर परिसर में स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं समाजसेवियों की मौजूदगी में विकास कार्यों को लेकर महत्वपूर्ण घोषणाएं की गईं। इस दौरान विश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र के समाजसेवी रजनीश रंजन दुबे उर्फ विकास दुबे, कांडी प्रखंड प्रमुख सत्येंद्र कुमार पांडेय उर्फ पिंकू पांडेय, कांडी मुखिया विजय राम एवं बीडीसी प्रतिनिधि अनूप पासवान सहित कई लोग मौजूद रहे।

मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों के बैठने के लिए चबूतरे का निर्माण कराया जा रहा है। मौके पर रजनीश रंजन दुबे उर्फ विकास दुबे ने कहा कि चोरांटी बाबा के दर्शन के लिए क्षेत्र के युवा एवं ग्रामीण प्रत्येक दिन सुबह यहां पहुंचते हैं, लेकिन बैठने के लिए उचित स्थान नहीं होने के कारण लोगों को परेशानी होती थी। इसी को देखते हुए चबूतरे का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चबूतरा निर्माण में होने वाले खर्च का भुगतान उनकी ओर से किया जाएगा। वहीं कांडी प्रखंड प्रमुख सत्येंद्र कुमार पांडेय उर्फ पिंकू पांडेय ने मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए अपनी ओर से जलमीनार लगाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि चोरांटी बाबा मंदिर में आने वाले लोगों को पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जलमीनार लगाई जाएगी।

मौके पर मौजूद विनोद चंद्रवंशी ने कहा कि यदि आगामी विधानसभा चुनाव में रजनीश रंजन दुबे उर्फ विकास दुबे चुनाव जीतकर आते हैं, तो चोराटी बाबा के दरबार में जोड़ा बकरा की बलि दी जाएगी। उन्होंने कहा कि उन्हें पूर्ण विश्वास है कि चोराटी बाबा उनकी संकल्पना को पूरा करेंगे। वहीं मौके उपस्थित, सुधीर दुबे, विनीत कुमार, मुन्ना अंसारी, कृष्ण बारी, विनोद राम, भोला प्रसाद, सत्येंद्र प्रसाद गुप्ता, जयपरकाश सोनी,सहित अन्य कई लोग काफी संख्या मौजूद थे।



