आर.के. पब्लिक स्कूल में 11वां आयुर्वेद दिवस मनाया, हर्बल गार्डन में लगाए औषधीय पौधे

अनूप सिंह 

मझिआंव(गढ़वा):- नगर पंचायत क्षेत्र के उंचरी गांव स्थित आर.के. पब्लिक स्कूल में बुधवार को 11वां आयुर्वेद दिवस मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्राचार्य के.आर. झा ने आयुर्वेद के महत्व पर प्रकाश डालते हुए की। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद केवल उपचार की पद्धति नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली और दीर्घकालिक स्वास्थ्य को बनाए रखने की भारतीय परंपरा है। मन, शरीर और आत्मा के संतुलन के साथ बीमारियों से बचाव में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है।प्राचार्य ने विद्यार्थियों और शिक्षक-शिक्षिकाओं से स्वस्थ रहने के लिए नियमित दिनचर्या, ऋतुचर्या और संतुलित जीवनशैली अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद के प्रति जागरूकता बढ़ाने और इसे जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयुर्वेद दिवस का आयोजन किया जाता है।

इस अवसर पर ईको क्लब प्रभारी राकेश कुमार प्रजापति के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने विद्यालय परिसर स्थित हर्बल गार्डन में तुलसी,नीम, एलोवेरा और सदाबहार समेत विभिन्न औषधीय पौधों का पौधरोपण किया। विद्यार्थियों ने पौधों की उपयोगिता और संरक्षण का संकल्प भी लिया।आर.के. ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के अध्यक्ष एवं शिक्षाविद अलख नाथ पांडेय ने विद्यालय की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ स्वास्थ्य और पर्यावरण से जुड़ी गतिविधियां भी जरूरी हैं। उन्होंने दैनिक जीवन में आयुर्वेद आधारित स्वस्थ आदतों को अपनाने का सुझाव दिया।कार्यक्रम में विद्यालय के सभी विद्यार्थी, शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित थे।

Leave a Comment