एमडीएम में मिलावटी तेल मिला तो होगी कड़ी कार्रवाई, खाना परोसने से पहले चखना अनिवार्य:बीडीओ पीके सिंह

अनूप सिंह 

मझिआंव(गढ़वा):- सरकारी विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और बच्चों के स्वास्थ्य व पोषण को लेकर बरडीहा प्रखंड प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। शुक्रवार को बीडीओ प्रवीण कुमार सिंह की अध्यक्षता में प्रखंड स्तरीय शिक्षा विभाग की मॉनिटरिंग-सह-स्टीयरिंग कमेटी की बैठक हुई। इसमें विद्यालयों में शैक्षणिक व्यवस्था, शिक्षकों की जिम्मेदारी, मध्याह्न भोजन (एमडीएम) की गुणवत्ता और स्वच्छता समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई।

बैठक में बीडीओ ने स्पष्ट कहा कि बच्चों के भोजन की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। एमडीएम तैयार करने में मिलावटी तेल के इस्तेमाल की शिकायत या जांच में पुष्टि होने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने भोजन बच्चों को परोसने से पहले उसे चखकर गुणवत्ता की जांच करने को अनिवार्य बताया। अंडे भी बच्चों को खिलाने से पहले उनकी गुणवत्ता की जांच करने का निर्देश दिया गया।

विद्यालय परिसर के साथ रसोईघर की नियमित साफ-सफाई पर विशेष जोर दिया गया। बीडीओ ने कहा कि बच्चों को सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना विद्यालय प्रबंधन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

बैठक में सरकारी विद्यालयों में शिक्षा के प्रति कुछ शिक्षकों की कथित उदासीनता पर भी चिंता जताई गई। शिक्षकों को केवल पाठ्यक्रम पूरा कराने तक सीमित नहीं रहने, बल्कि बच्चों में अनुशासन, संस्कार और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने पर जोर दिया गया, ताकि उनका सर्वांगीण विकास हो सके।

गुरु गोष्ठी में शामिल होंगे बीडीओ

शिक्षकों की समस्याओं को समझने और शैक्षणिक व्यवस्था में सुधार के लिए बीडीओ ने भविष्य में होने वाली गुरु गोष्ठी में स्वयं शामिल होने की बात कही। बैठक में बीपीएम कविता कुमारी समेत विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक और समिति के सदस्य उपस्थित थे।

Leave a Comment