पिछले वित्तीय वर्ष की खर्च राशि की होगी जांच, मझिआंव प्रभारी से 2 दिनों में मांगा गया ब्यौरा
डीसी से पत्राचार कर डॉ. राजू दास को डीडीओ / अतिरिक्त एमओआईसी का प्रभार देने की होगी मांग
भव्य सीएचसी भवन में 6 साल बाद भी नहीं है बिजली, अविलंब कनेक्शन के लिए लिखा गया पत्र
अनूप सिंह
मझिआंव (गढ़वा):- वर्ष 2007 में गठित बरडीहा प्रखंड में शनिवार को पहली बार अस्पताल प्रबंधन समिति की ऐतिहासिक बैठक आयोजित की गई। प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रवीण कुमार सिंह की अध्यक्षता में संपन्न इस बैठक में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के सुचारू संचालन और आम जनमानस को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु कई कड़े और अहम फैसले लिए गए। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि अब समिति की बैठक प्रत्येक माह नियमित रूप से आयोजित की जाएगी।
बिना बैठक खर्च हुए फंड की होगी जांच
बीडीओ ने पिछले वित्तीय वर्ष में बिना प्रबंधन समिति की बैठक के ही आवंटित राशि के खर्च किए जाने पर सवाल खड़े किए। उन्होंने इस मामले की जांच के आदेश देते हुए मझिआंव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी से दो दिनों के अंदर खर्च का पूरा ब्यौरा तलब किया है।

सीएचसी भवन को मिलेगा बिजली कनेक्शन और सफाईकर्मी
विदित हो कि बरडीहा में वर्ष 2020 (छह वर्ष पूर्व) ही सर्वसुविधायुक्त भव्य सीएचसी भवन का निर्माण हो चुका है, लेकिन आज तक इसमें बिजली का कनेक्शन नहीं जोड़ा गया है। इसे गंभीरता से लेते हुए कार्यपालक अभियंता (विद्युत प्रमंडल) से पत्राचार कर जल्द से जल्द बिजली कनेक्शन बहाल करने का अनुरोध किया गया है। इसके अलावा, नियमित सफाईकर्मी की कमी को दूर करते हुए गीता देवी को तत्काल प्रभाव से सफाईकर्मी के रूप में नियुक्त करने का निर्णय लिया गया। फिलहाल इनका भुगतान उपलब्ध राशि से किया जाएगा, जिसे बाद में आउटसोर्सिंग के माध्यम से कराया जाएगा।

उपायुक्त से की जाएगी डॉ. राजू दास को वित्तीय प्रभार देने की मांग बैठक में उपस्थित चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राजू दास ने अस्पताल में जीवन रक्षक दवाओं की कमी का मुद्दा उठाया। इस पर समिति ने निर्णय लिया कि डॉ. राजू दास की नियमित प्रतिनियुक्ति करने तथा उन्हें डीडीओ की शक्तियां या अतिरिक्त एमओआईसी बनाने के लिए उपायुक्त महोदय से पत्राचार किया जाएगा। इससे प्रखंड स्तर पर आई राशि का सदुपयोग स्थानीय स्तर पर ही सुगमता से हो सकेगा। इसके साथ ही अस्पताल के लिए एक एएनएम (ANM) और दो जीएनएम (GNM) की मांग हेतु भी पत्राचार किया जाएगा।
24 घंटे अस्पताल संचालित करने की हो रही तैयारी
डॉ. राजू दास ने बताया कि सीएचसी का नया भवन अत्यंत भव्य है और यहां सारी व्यवस्थाएं हैं (प्राइवेट अस्पताल भी इसके आगे फीके नजर आएं), लेकिन पदों की स्वीकृति और पर्याप्त चिकित्सकों के न होने के कारण फिलहाल केवल ओपीडी ही संचालित हो पा रही है।

इस पर बीडीओ प्रवीण कुमार सिंह ने सख्त रुख अपनाते हुए आश्वासन दिया कि अस्पताल को 24 घंटे (24×7) संचालित करने के लिए सभी आवश्यक प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अस्पताल में फर्स्ट एड से लेकर जीवन रक्षक दवाएं, एंटी वेनम और एंटी रेबीज इंजेक्शन तक की मुकम्मल व्यवस्था की जा रही है। बीडीओ ने इस प्रथम बैठक को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि अब प्रखंड में स्वास्थ्य सुविधाओं में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी और आम लोगों को उनके ही क्षेत्र में उत्कृष्ट व सही चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
बैठक में सांसद प्रतिनिधि सतीश यादव, विधायक प्रतिनिधि विनोद राजवार, डॉक्टर राजू दास, CHO वीरेंद्र सिंह, उप प्रमुख सत्येंद्र पासवान समेत अन्य लोग उपस्थित थे।



