अनूप सिंह
मझिआंव(गढ़वा):- स्वच्छ भारत मिशन 2026 के तहत ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के अंतर्गत बुधवार को मझिआंव एवं बरडीहा प्रखंड मुख्यालय के सभागार सहित नगर पंचायत मझिआंव में सफाई मित्र सुरक्षा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में स्वच्छता कर्मियों की नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच कर उन्हें आवश्यकतानुसार दवाएं उपलब्ध कराई गईं। साथ ही सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित सफाई कर्मियों को विभिन्न सुविधाओं से जोड़ने की पहल की गई।

बरडीहा प्रखंड सभागार में आयोजित शिविर का उद्घाटन बीडीओ प्रवीण कुमार सिंह एवं चिकित्सक डॉ. ब्रजेश कुमार पांडेय एवं दीप नारायण ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान स्वच्छता कर्मियों के स्वास्थ्य की जांच की गई तथा चिकित्सकों ने आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी परामर्श भी दिया।

बीडीओ प्रवीण कुमार सिंह ने जोर देकर कहा कि तनाव मुक्त जीवन, पौष्टिक और ताजा आहार, मच्छरदानी का प्रयोग एवं संपूर्ण सफाई यदि इन चार बातों को हर व्यक्ति अपने जीवन में पूरी तरह उतार ले, तो कभी बीमार पड़ने की नौबत ही नहीं आएगी। ज्ञात हो कि इस विशेष ‘सफाई मित्र सुरक्षा शिविर’ में प्रखंड की सभी जलसहियाओं, सफाई कर्मियों के साथ-साथ प्रखंड और अंचल कार्यालय के तमाम कर्मियों का भी विस्तृत स्वास्थ्य परीक्षण (चेकअप) किया गया।

बीडीओ की इस अनूठी पहल और उनके द्वारा पेश किए गए फिटनेस के उदाहरण ने इस स्वास्थ्य शिविर को बेहद सफल और आम जनमानस के लिए एक प्रेरणादायक आयोजन बना दिया।
इधर इस संबंध में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चिकित्सा प्रभारी गोविंद प्रसाद सेठ ने बताया कि स्वच्छता कार्य में जुटे कर्मियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए केंद्र सरकार की पहल पर वर्ष 2017 से राष्ट्रीय स्तर पर ‘स्वच्छता ही सेवा’ पखवाड़ा आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में इस वर्ष भी व्यापक स्तर पर सफाई मित्र सुरक्षा शिविर आयोजित कर स्वच्छता कर्मियों को स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ा जा रहा है।

इधर मझिआंव नगर पंचायत में कार्यरत सफाई कर्मियों की जांच सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में की गई। आयोजित शिविर में समुद्री देवी, चिंता देवी, अंजली देवी, पूजा देवी, अरुण कुमार, गोविंद कुमार, विकास कुमार, गोलू कुमार एवं विजय राम सहित अन्य कर्मियों की स्वास्थ्य जांच हुई।



