अनूप सिंह
मोहम्मदगंज (पलामू):- मोहम्मद गंज कॉलोनी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) चालू करने को लेकर 2 अक्टूबर दिन शुक्रवार को प्रेस रिलीज जारी कर संरक्षक किसान ब्रिगेड कर्नल (डॉक्टर) संजय कुमार सिंह ने संचालन में देरी पर सवाल उठाते हुए झारखंड सरकार से इसे तत्काल चालू कराने की मांग की है।
उन्होंने बताया कि लगभग 14 करोड़ रुपये की लागत से बने इस अस्पताल का उद्घाटन दिसंबर 2021 में हुआ था, लेकिन उनके हालिया दौरे में भवन पर ताला लगा मिला। उनके अनुसार, केंद्र के संचालन के लिए आवश्यक सरकारी स्वीकृति अब तक नहीं मिलना गंभीर प्रशासनिक और जनप्रतिनिधियों की उदासीनता का विषय है।

कर्नल श्री सिंह ने कहा, “अस्पताल का भवन बनना अच्छी बात है, लेकिन उसकी सार्थकता तभी है जब जनता को इलाज मिले। उद्घाटन के करीब पांच वर्ष बाद भी आवश्यक स्वीकृति क्यों नहीं मिली? संबंधित विभाग और पूर्व व वर्तमान जनप्रतिनिधियों को जनता के सामने इसका जवाब देना चाहिए।”
उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं और अन्य आपात स्थितियों में समय पर प्राथमिक उपचार नहीं मिलने से मरीजों की जान खतरे में पड़ती है। दूर के अस्पतालों तक पहुंचने में लगने वाला समय इस परेशानी को और बढ़ाता है।

उन्होंने राज्य सरकार, स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन से लंबित स्वीकृति की स्थिति सार्वजनिक करने, देरी की जवाबदेही तय करने तथा चिकित्सकों, नर्सों, दवाओं और आवश्यक उपकरणों की व्यवस्था कर अस्पताल शुरू करने की स्पष्ट समयसीमा घोषित करने की मांग की।
कर्नल सिंह ने कहा, “यदि शीघ्र इस अस्पताल का संचालन शुरू नहीं हुआ, तो हम गांव-गांव जाकर जनता को उसके स्वास्थ्य अधिकारों के प्रति जागरूक और संगठित करेंगे तथा शांतिपूर्ण, लोकतांत्रिक और चरणबद्ध जनांदोलन चलाएंगे। आंदोलन के कार्यक्रम और तिथियां जनता के साथ विचार-विमर्श कर घोषित की जाएंगी।”
“मोहम्मदगंज की जनता को अब चालू अस्पताल चाहिए। स्वास्थ्य सेवा जनता का अधिकार है और इसे सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है,” उन्होंने कहा।



