गढ़वा की बेटियों ने रचा इतिहास, राज्य स्तरीय कबड्डी में जीता स्वर्ण,मोरबे विद्यालय का रहा दबदबा 

कोडरमा को रोमांचक मुकाबले में 30-28 से हराकर ट्रॉफी पर किया कब्जा

अनूप सिंह 

मझिआंव(गढ़वा):- राज्य के जामताड़ा में 2 अक्टूबर से 4 अक्टूबर तक आयोजित 20वीं झारखंड राज्य सीनियर पुरुष एवं महिला कबड्डी प्रतियोगिता-2026 में गढ़वा जिला की महिला कबड्डी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। फाइनल मुकाबले में गढ़वा की टीम ने प्रतियोगिता की मजबूत दावेदार मानी जा रही कोडरमा की टीम को रोमांचक मुकाबले में 30-28 से पराजित कर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। इस उपलब्धि से जिले के खेल जगत में खुशी की लहर है।

गढ़वा की टीम ने प्रतियोगिता में लगातार बेहतर प्रदर्शन करते हुए फाइनल तक का सफर तय किया। टीम का पहला लीग मुकाबला देवघर से हुआ। इसके बाद क्वार्टर फाइनल में गढ़वा ने बोकारो को हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। सेमीफाइनल मुकाबले में साहिबगंज को शिकस्त देकर टीम ने फाइनल में जगह बनाई। फाइनल में कोडरमा के खिलाफ खिलाड़ियों ने आखिरी क्षण तक संघर्ष करते हुए दो अंकों के अंतर से जीत दर्ज की।

पूरी प्रतियोगिता में शानदार रेडिंग का प्रदर्शन करने वाली चिरकुटही गांव के बसंत उरांव की पुत्री चांदनी कुमारी को बेस्ट रेडर के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। वहीं मोरबे गांव प्रदीप राम की पुत्री खुशी कुमारी ने टीम की कप्तानी संभालते हुए बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया और टीम को खिताबी जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।

टीम की मैनेजर ज्योति कुमारी और कोच मोरबे हाई स्कूल के शारीरिक शिक्षक संतोष कुमार मौर्य रहे। टीम में खुशी कुमारी, चांदनी कुमारी, लक्ष्मी कुमारी, अंजली कुमारी, नंदनी कुमारी, प्रीति कुमारी और अंशु कुमारी (मोरबे) के अलावा संगीता कुमारी, प्रियंजली कुमारी, मोनिका कुमारी एवं रेशमी कुमारी (नगर ऊंटारी) शामिल थीं।

गढ़वा की बेटियों की इस सफलता ने जिले में कबड्डी के बढ़ते स्तर और ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं की क्षमता को एक बार फिर साबित किया है। टीम की उपलब्धि पर खेल प्रेमियों और जिलेवासियों ने खिलाड़ियों, कोच एवं मैनेजर को बधाई दी है।

Leave a Comment