अनूप सिंह
मझिआंव(गढ़वा):- मझिआंव नगर पंचायत क्षेत्र अंतर्गत उचरी आरके पब्लिक स्कूल में अभिभावक संघ के प्रदेश अध्यक्ष सह सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता किशोर पांडेय ने दौरा कर विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था एवं उपलब्ध सुविधाओं का अवलोकन किया। इस दौरान मौके पर चर्चित समाजसेवी एवं विद्यालय के निदेशक अलखनाथ पांडेय भी मौजूद रहे।

विद्यालय का अवलोकन करने के उपरांत किशोर पांडेय ने कहा कि आरके पब्लिक स्कूल में कई आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। विद्यालय में फायर सेफ्टी की समुचित व्यवस्था, बेहतर क्लासरूम, विशाल खेल का मैदान सहित अन्य सभी आवश्यक सुविधाएं मौजूद हैं। उन्होंने ने कहा कि कम शुल्क में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना इस विद्यालय की सबसे बड़ी विशेषता है। अनुभवी शिक्षकों की टीम एवं कुशल प्राचार्य के निर्देशन में विद्यालय का संचालन किया जा रहा है।

श्री पांडेय ने कहा कि स्थानीय लोगों से लगातार विद्यालय को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। क्षेत्र के अभिभावकों के बीच आरके पब्लिक स्कूल के प्रति अच्छा विश्वास देखने को मिलता है।

दौरे के उपरांत किशोर पांडेय एवं अलखनाथ पांडेय के बीच वर्तमान सामाजिक परिवेश, शिक्षा व्यवस्था तथा क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर विस्तृत चर्चा भी हुई। इस दौरान प्रिंसिपल आर झा सहित अन्य शिक्षक भी मौजूद थे।



