देवडीह गाँव में घर का ताला तोड़कर चोरी, जेवरात सहित नकदी ले उड़े चोर, पुलिस जांच में जुटी

पीड़ित ने थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की लगाई गुहार, एसआई अरविंद सिंह ने घटनास्थल का लिया जायजा

अनूप सिंह 

कांडी – थाना क्षेत्र के देवडीह गाँव निवासी कलावती देवी पति भिखारी ठाकुर के घर का ताला तोड़कर चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के संबंध में पीड़िता ने दो व्यक्ति को नामजद करते हुए कांडी थाना में लिखित आवेदन देकर पुलिस से मामले की जांच कर चोरों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।

थाना में दिए आवेदन के अनुसार, बीते 4 अक्टूबर की रात अज्ञात चोर घर में घुस गए और घर में रखे सामान को खंगालते हुए जेवरात एवं नकदी समेत अन्य सामान लेकर फरार हो गए। सुबह घर में चोरी की जानकारी मिलने के बाद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। पीड़ित के अनुसार, चोरी की घटना में घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण एक जोड़ा सोना का बाली,चांदी का पायल,गले का चैन, चांदी का कान का एक जोड़ा झाली और 85 हजार नकद राशि सहित अन्य सामान की चोरी हुई है।

घटना की सूचना मिलने के बाद कांडी थाना पुलिस सक्रिय हुई। एसआई अरविंद सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की तथा घटना से संबंधित आवश्यक जानकारी जुटाई। पुलिस ने घर के आसपास के क्षेत्र का भी जायजा लिया और घटना के संबंध में स्थानीय लोगों से पूछताछ की।पीड़ित को घर में चोरी होने की जानकारी रविवार की शाम 4 बजे हुई जब उक्त परिवार अपने इस पुराने घर पर किसी काम को लेकर आये। पीड़ित परिवार अपने गवर्नर रोड स्थित नए मकान में रहते हैं।जबकि पुराना घर देवडीह गाँव में है जहां पर काम होने पर जाते हैं।पीड़िता ने दो दिन पूर्व घर में रखे चारा मशीन चोरी होने की बात कही है।पीड़ित ने पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच करते हुए चोरी की घटना में शामिल लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई तथा चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। घटना को लेकर आसपास के लोगों में भी चिंता का माहौल है।

Leave a Comment