गांव-गांव पहुंच रही ग्राम सभा, ग्रामीणों की जरूरत के अनुसार चुनी जा रहीं विकास योजनाएं: बीपीओ कशिश कुमारी 

अनूप सिंह 

मझिआंव(गढ़वा):- विकसित भारत-गारंटी का रोजगार और आजीविका मिशन (ग्रामीण) यानी वीबी-जी राम जी (मनरेगा) के तहत मझिआंव प्रखंड की सभी पंचायतों में गांव-गांव जाकर ग्राम सभा का आयोजन किया जा रहा है। ग्राम सभाओं में ग्रामीणों की भागीदारी से स्थानीय जरूरतों और प्राथमिकताओं के आधार पर विकास योजनाओं का चयन किया जा रहा है। चयनित योजनाओं को ग्राम सभा रजिस्टर में दर्ज कर आगे की प्रक्रिया के लिए शामिल किया जा रहा है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी (बीपीओ) कशिश कुमारी ने बताया कि वरीय पदाधिकारियों के निर्देशानुसार प्रखंड क्षेत्र की सभी पंचायतों के गांवों में ग्राम सभा आयोजित की जा रही है। इसका मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को योजना चयन की प्रक्रिया से सीधे जोड़ना और गांव की वास्तविक जरूरत के अनुरूप योजनाओं का चयन सुनिश्चित करना है।

ग्राम सभा में पंचायत के मुखिया, पंचायत सचिव, ग्राम रोजगार सेवक, वार्ड सदस्य सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हो रहे हैं। ग्रामीण अपने-अपने गांव की प्राथमिक समस्याओं और आवश्यकताओं को ग्राम सभा के समक्ष रख रहे हैं। इसके आधार पर रोजगार सृजन के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विकास से जुड़ी योजनाओं का चयन किया जा रहा है।

बीपीओ ने बताया कि वीबी-जी राम जी के तहत सरकार की मंशा ग्रामीण मजदूरों को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने के साथ गांवों का समग्र विकास करना है। ग्राम सभा के माध्यम से योजनाओं के चयन में ग्रामीणों की भागीदारी बढ़ने से विकास कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही भी सुनिश्चित होगी।

उन्होंने कहा कि गांव की जरूरत को सबसे बेहतर तरीके से ग्रामीण ही समझते हैं। इसलिए उनकी सहभागिता से तैयार योजनाओं से स्थानीय समस्याओं का समाधान करने में मदद मिलेगी। ग्राम सभा में चयनित योजनाओं को रजिस्टर में दर्ज कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Comment