अनूप सिंह
कांडी : अनुसूचित जाति के भूमिहीन गरीब मजदूर के पुत्र की गंभीर बीमारी ने पूरे परिवार की स्थिति बदहाल कर दी है। दो वक्त की भोजन के लिए मोहताज परिवार के पास बेटे के इलाज की सामर्थ्य नहीं रही कि उसे बाहर ले जाकर उसका इलाज करा सकें। प्रखंड क्षेत्र के अधौरा गांव निवासी मजदूर मनदीप राम का पुत्र दिनेश राम 30 वर्ष लिवर एवं किडनी की बीमारी से ग्रस्त है। उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। पिता ने मझिआंव अस्पताल तक ले जाकर उसका इलाज कराया। जिसमें ₹20000 तक खर्च हुए। लेकिन उससे मरीज को कोई लाभ नहीं है। डॉक्टर ने मरीज की गंभीर स्थिति को देखते हुए बाहर ले जाने की सलाह दी है। लेकिन मनदीप राम एक भूमिहीन मजदूर हैं। जिसके पास अपनी जमीन भी नहीं है जिसे बेचकर बेटे का इलाज करा सकें। ऐसी स्थिति में उन्होंने ग्रामीणों से सहयोग की गुहार लगाई है। गांव में लोग चंदा कर रहे हैं। ताकि युवा मजदूर दिनेश राम का इलाज बाहर ले जाकर कराया जा सके। लेकिन चंदा इकट्ठा होने के बाद भी मुकम्मल इलाज की संभावना नहीं है। क्योंकि बाहर जाकर इलाज कराने में काफी पैसे खर्च होते हैं। वैसी स्थिति में सहयोग संग्रह के बाद भी मनदीप राम इलाज कराने में समर्थ नहीं हो सकते हैं।

ग्रामीणों ने सहृदय समाजसेवी, व्यवसायी एवं राजनेताओं से मदद की गुहार लगाई है। ताकि एक युवा मजदूर की जिंदगी बचाई जा सके। जिसके पीछे पत्नी के अलावा दो बच्चे हैं। उनकी परवरिश भी पिता के कंधों पर है। जो स्वयं गंभीर रूप से बीमार पड़ा है। यह परिवार कच्ची दीवारों की झोपड़ी में किसी तरह गुजारा करता है।



