अनूप सिंह
बरडीहा :बीडीओ प्रवीण कुमार सिंह ने बुधवार को सलगा गांव के पूरब टोला सहित विभिन्न टोलों का भ्रमण कर ‘चलंत ग्राम सभा’ का आयोजन किया। उन्होंने कहा कि इस नए कॉन्सेप्ट के तहत अधिकारी और ग्रामीण साथ-साथ घूमकर गांव की हकीकत को देखते हैं। भ्रमण के दौरान मुखिया उमेश प्रजापति, उप-मुखिया, वार्ड सदस्यों सहित 200 से अधिक ग्रामीण साथ थे। इस दौरान बीडीओ ने श्मशान घाट के संकीर्ण रास्ते को चौड़ा करने का निर्देश दिया।

ग्रामीणों की शिकायत पर कि प्रतिमा विसर्जन मार्ग पर अतिक्रमण के कारण रास्ता संकरा हो गया है, बीडीओ ने मौके पर ही अतिक्रमण हटवाया। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को अमीन से रास्ते की मापी कराई जाएगी और दुर्गा पूजा के बाद स्थायी चौड़ीकरण का कार्य शुरू होगा।

साथ ही जर्जर सड़कों को योजना में लेकर जीर्णोद्धार करने और एस्टीमेट तैयार करने का निर्देश दिया गया।



