संकुल स्तरीय प्राथमिक स्वावलंबी सहकारी समिति की वार्षिक आम सभा संपन्न

अनूप सिंह 

मझिआंव (गढ़वा):- बरडीहा प्रखंड क्षेत्र के आदर में आजीविका महिला संकुल स्तरीय प्राथमिक स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड, आदर की वार्षिक आम सभा का आयोजन आज उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में किया गया।

कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) प्रवीण सिंह, जिला परिषद सदस्य अर्चना प्रकाश, समाजसेवी पुष्प रंजन जी, आदर पंचायत के मुखिया, विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कैडर, स्वयं सहायता समूह की दीदियां एवं संकुल स्तरीय संगठन की सदस्य उपस्थित रहीं।

प्रवीण सिंह ने उपस्थित महिलाओं को संबोधित करते हुए विभिन्न सरकारी एवं कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने आपातकालीन सेवाओं के लिए 112 (इमरजेंसी नंबर) और 104 (स्वास्थ्य सहायता नंबर) की उपयोगिता के बारे में भी जागरूक किया।

अपने संबोधन में प्रखंड विकास पदाधिकारी ने कहा— “जानकारी ही सशक्तिकरण है। जब आप जानकार होंगे, तभी मजबूत बनेंगे।” उन्होंने दीदियों से कहा कि समूह और योजनाओं के माध्यम से मिलने वाली राशि का सदुपयोग कर आत्मनिर्भर बनने का प्रयास करें और समाज में अपनी अलग पहचान बनाएं। उन्होंने आश्वासन दिया कि किसी भी समस्या की स्थिति में महिलाएं बेझिझक अधिकारियों से संपर्क करें और रोजगार के नए साधन बढ़ाएं। इसके साथ ही उन्होंने बालिका शिक्षा पर विशेष जोर देते हुए समाज से नशा मुक्ति का पुरजोर विरोध करने का आह्वान किया।

जिला परिषद सदस्य अर्चना प्रकाश ने महिलाओं की सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि महिला सशक्तिकरण ही मजबूत परिवार, समाज और गांव की नींव है। उन्होंने महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और नेतृत्व करने के लिए प्रेरित किया।

बैठक के दौरान स्वयं सहायता समूहों की मजबूती, लखपति दीदी योजना, वित्तीय अनुशासन, बचत एवं ऋण की समय पर वापसी तथा आगामी वर्ष की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Leave a Comment