षष्ठी पूजा पर भक्तिमय हुआ कांडी, सुरक्षा को लेकर पुलिस सतर्क
अनूप सिंह
कांडी (गढ़वा):- शारदीय दुर्गा पूजा की षष्ठी तिथि पर शुक्रवार को कांडी प्रखंड क्षेत्र में भक्ति और उत्साह का माहौल रहा। कांडी मुख्य बाजार समेत पतीला, सरकोनी, कर्मा, अमस्था टोला, बरवाडीह, बलियारी, शिवपुर, सुंडीपुर, , लमारी कला,राणाडीह ,भंडरिया,खरौंधा,सोहगाड़ा,सरकोनी और भीलमा सहित विभिन्न गांवों में स्थापित पूजा पंडालों में विधि-विधान से पूजा-अर्चना और आरती की गई। मां दुर्गा के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही।

दुर्गा पूजा के दौरान शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर कांडी पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। थाना प्रभारी ऋषिकेश सिंह व प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचलाधिकारी राजेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस जवानों ने कांडी बाजार समेत थाना क्षेत्र के संवेदनशील स्थानों और विभिन्न पूजा पंडालों के आसपास फ्लैग मार्च किया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने का निर्देश दिया गया।
यातायात व्यवस्था पर रही विशेष नजर
दुर्गा पूजा के दौरान कांडी मुख्य बाजार में जाम की समस्या से निपटने के लिए पुलिस ने विशेष सतर्कता बरती। विभिन्न पूजा समितियों द्वारा मां दुर्गा की प्रतिमाओं को ले जाने के दौरान यातायात बाधित होने की आशंका को देखते हुए पुलिस जवानों को मुस्तैद रखा गया, ताकि श्रद्धालुओं और आम राहगीरों को परेशानी का सामना न करना पड़े। पुलिस ने बाजार में आवागमन सुचारू बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया।

थाना प्रभारी ऋषिकेश सिंह ने क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने के लिए लोगों से सहयोग की अपील की। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य दुर्गा पूजा के सभी धार्मिक कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराना और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
षष्ठी पूजा के साथ ही प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न पूजा पंडालों में धार्मिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। आगामी दिनों में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने की संभावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर लगातार निगरानी रख रहा है। क्षेत्र में मां दुर्गा की आराधना के साथ उत्सव की माहौल बना हुआ है।



