अनूप सिंह
बरडीहा(गढ़वा):- प्रखंड में वीबी-जी राम जी योजना के तहत पहली सड़क निर्माण योजना का शिलान्यास शनिवार को विश्रामपुर विधायक नरेश सिंह ने किया। आदर पंचायत के लावा चम्पा गांव स्थित आदर्श नगर में मदरसा चौक से रामब्रत चौधरी के घर तक मिट्टी-मोरम पथ का निर्माण कराया जाएगा। इस योजना से ग्रामीणों को आवागमन की सुविधा मिलने के साथ स्थानीय मजदूरों को रोजगार मिलने की उम्मीद है।
शिलान्यास समारोह में विधायक नरेश सिंह ने कहा कि पूर्व में मनरेगा के तहत बनी कई सड़कें गुणवत्तापूर्ण निर्माण नहीं होने के कारण जल्द खराब हो जाती थीं। इससे लोगों को परेशानी होती है और दोबारा मरम्मत कराने में प्रशासनिक व तकनीकी बाधाएं आती हैं। उन्होंने अधिकारियों और ग्रामीणों से निर्माण कार्य में पारदर्शिता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने की अपील की, ताकि सड़क लंबे समय तक टिकाऊ बनी रहे।

पलायन रोकने में मिलेगी मदद:
बीडीओ सह सीओ प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि क्षेत्र भ्रमण के दौरान ग्रामसभा के सहयोग से इस टोले का नाम आदर्श नगर रखा गया था। अब इसी नाम से पहली सड़क योजना स्वीकृत हुई है। उन्होंने कहा कि योजना के तहत जॉब कार्डधारी मजदूरों को काम उपलब्ध कराया जाएगा। उनके अनुसार, इसमें प्रतिदिन 300 रुपये मजदूरी और 125 दिनों तक रोजगार का प्रावधान है। उन्होंने मजदूरों से बाहर पलायन करने के बजाय प्रखंड कार्यालय आकर काम मांगने की अपील की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मांग करने वाले मजदूरों को रोजगार उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। भुगतान 15 दिनों के अंदर करने का भी प्रावधान बताया।

योजना शुरू होने से ग्रामीणों में उत्साह देखा गया। महिलाओं और ग्रामीणों ने विधायक तथा प्रखंड प्रशासन के प्रति आभार जताया।
मौके पर मुखिया सलमा बीबी, जिला विधायक प्रतिनिधि बसंत चौधरी, विधायक मिडिया प्रभारी हरिनाथ चंद्रवंशी, प्रखंड विधायक प्रतिनिधि विनोद रजवार, पंचायत सचिव ललन राम, ग्राम रोजगार सेवक शंकर सिंह, जेई अनिकेश कुमार सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित थे।



