सोनबरसा पेट्रोल पंप के पास दो बाइकों में टक्कर, नशे में धुत दो घायलों को पुलिस ने अभिरक्षा में लिया
अनूप सिंह
मोहम्मदगंज, पलामू:- मोहम्मदगंज–हैदरनगर मुख्य सड़क पर सोनबरसा पेट्रोल पंप के पास शनिवार सुबह करीब 9:35 बजे दो बाइकों की टक्कर में चार लोग घायल हो गए। घायलों में एक महिला को माथे में गंभीर चोट लगी है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए मेदिनीनगर रेफर कर दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के अनुसार, दोनों बाइक मोहम्मदगंज की ओर आ रही थीं। आगे चल रही बाइक पर एक युवक और एक महिला सवार थे। इसी दौरान पीछे से आ रही बाइक ने आगे वाली बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों बाइकों पर सवार चारों लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए।

आगे वाली बाइक पर सवार महिला के माथे में गंभीर चोट लगी। वह हैदरनगर थाना क्षेत्र के संतोषडीह गांव की रहने वाली बताई जा रही हैं। उन्हें इलाज के लिए हैदरनगर भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए मेदिनीनगर रेफर कर दिया। वहीं, पीछे से टक्कर मारने वाली बाइक पर सवार दोनों व्यक्तियों के चेहरे पर चोटें आई हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों नशे में धुत थे।दोनों दंगवार के दीपक चौधरी और नन्ही चौधरी बताए जाते है।

घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। वहां मौजूद चौकीदार ने मोहम्मदगंज थाना को दुर्घटना की सूचना दी। थाना प्रभारी नारायण सोरेन के निर्देश पर एएसआई एच. प्रसाद पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके पर मौजूद बाइक संख्या JH 03M 4045 को जब्त कर लिया। वहीं, नशे में धुत बताए जा रहे दोनों घायलों को पुलिस अभिरक्षा में अपने साथ ले गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



